आईवीएफ गुजरात के चेयरमैन बने अनिल रूंगटा, कैलाश हाकिम को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन गुजरात प्रदेश की बैठक में नई नियुक्तियों की घोषणा

सूरत। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (IVF) गुजरात प्रदेश की बैठक रविवार दोपहर वेसू में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा तथा नई नियुक्तियों की घोषणा की गई।
प्रदेश मंत्री बसंत खैतान ने बताया कि बैठक में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र का वाचन किया गया। इसके अनुसार सर्वसम्मति से अनिल रूंगटा को गुजरात प्रदेश का चेयरमैन तथा कैलाश हाकिम को गुजरात प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संजय भाऊवाला ने संगठन द्वारा वर्षभर में किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुराग कोठारी ने आय-व्यय का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, प्रदेशभर में सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का विस्तार करने तथा वैश्य समाज को एकजुट करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में बारडोली, सोनगढ़, वापी, नवसारी, नेत्रंग और उमरगाम सहित दक्षिण गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




