
सूरत। उधना औद्योगिक क्षेत्र के एक हॉटफिक्स डायमंड व्यापारी के साथ 24.49 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में उधना पुलिस ने एक आरोपी दलाल को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, अलथाण कैनाल रोड स्थित वास्तु डिस्कवरी निवासी राकेशभाई सुशीलभाई बजाज उधना न्यू इंडस्ट्रियल एस्टेट में आर.एस. एंटरप्राइज इंडिया प्रा. लि. के नाम से हॉटफिक्स डायमंड का व्यवसाय करते हैं। उनके सेल्समैन दीपेंद्र सिंह के माध्यम से दलाल परेशभाई घनश्यामभाई बदरुखिया से संपर्क हुआ था। परेशभाई ने नियमित भुगतान का भरोसा दिलाते हुए 23 अगस्त 2025 से 8 दिसंबर 2025 के बीच कातारगाम स्थित बहुचर आर्ट के संचालक मिलनभाई को 24,49,798 रुपये मूल्य का हॉटफिक्स डायमंड का माल दिलवाया।
आरोप है कि माल लेने के बाद व्यापारी ने भुगतान किए बिना ही दुकान बंद कर दी। जब पीड़ित व्यापारी ने दलाल से बकाया राशि की मांग की तो उसने कथित तौर पर कहा कि भुगतान नहीं मिलेगा और दोबारा उधारी की मांग करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद पीड़ित व्यापारी साकेतभाई बजाज ने 17 मार्च 2026 को उधना पुलिस थाने में व्यापारी मिलनभाई और दलाल परेशभाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316(5), 318(4), 61(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कराया था।
मामले की जांच के दौरान पीएसआई एच.ज़ेड. पटेल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दलाल परेशभाई घनश्यामभाई बदरुखिया (33) निवासी कोसाड, अमरोली, सूरत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।



