Textileसामाजिक/ धार्मिक

तेरापंथ महिला मंडल, उधना की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

सेवा, संगठन और संस्कारों पर विशेष जोर, वर्षभर की गतिविधियों का प्रस्तुत किया गया प्रतिवेदन

सूरत। तेरापंथ महिला मंडल, उधना की वर्ष 2025-26 की वार्षिक साधारण सभा गुरुवार को तेरापंथ भवन, उधना में अध्यक्षा महिमा चौरड़िया की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। सभा में वर्षभर की धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के संगान और महिला मंडल की सदस्यों द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण गीत से हुआ। अध्यक्षा महिमा चौरड़िया ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए वर्षभर संगठन को मिले सहयोग, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेवा, संगठन और संस्कारों को मंडल की कार्यशैली का आधार बताते हुए आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मंत्री संगीता बाफना ने वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। एबीटीएम गुजरात राज्य प्रभारी श्रेया बाफना ने संगठन के संविधान का वाचन किया, जबकि संरक्षिका दिलखुश मेडतवाल ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कराया।

कोषाध्यक्षा रेखा लुनिया ने मंडल का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। कन्या मंडल संयोजिका सिमरन पोखरणा ने वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर कन्या मंडल की बहनों ने “मर्यादा हमारी पहचान बने” विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित सदस्यों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

सभा में तेरापंथ महिला मंडल द्वारा संचालित फिजियोथैरेपी सेंटर का वार्षिक आय-व्यय प्रतिवेदन निवर्तमान अध्यक्षा सोनू बाफना ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सहमंत्री स्वीटी बाफना ने किया तथा अंत में संगठन मंत्री ललिता चौरड़िया ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सभा का समापन संगठन की एकजुटता, सेवा भावना एवं सामाजिक सरोकारों को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button