Textileसामाजिक/ धार्मिक

27 जुलाई को गौ सम्मान आह्वान अभियान का द्वितीय चरण, सूरत में निकलेगी विशाल गौभक्त रैली

गौऋषि गोपालानंद सरस्वती ने तैयारियों की समीक्षा की, 21 लाख हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने का आह्वान

सूरत। गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण को सफल बनाने के उद्देश्य से गौऋषि गोपालानंद सरस्वती का सूरत आगमन हुआ। उनके सान्निध्य में आई माता रोड स्थित माहेश्वरी लग्जूरिया में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए गौऋषि गोपालानंद सरस्वती ने सूरतवासियों से 27 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौमाता को सम्मान दिलाने तथा भारत को गौवध के कलंक से मुक्त बनाने के अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूरत के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इस अवसर पर संत समाज के अग्रणी संत, अग्र मलूक पीठाधीश्वर जगद्गुरु द्वाराचार्य डॉ. राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज भी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 27 जुलाई को प्रातः 8:15 बजे से 9:15 बजे तक इंडोर स्टेडियम में श्रीराम विजय मंत्र का सामूहिक कीर्तन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी गौभक्त विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की आकर्षक झांकियों के साथ विशाल रैली के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

गौऋषि ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सूरत में 21 लाख हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्हें जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं महामहिम राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से तन, मन और समर्पण के साथ इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया तथा उपस्थित लोगों को हाथ उठाकर अभियान की सफलता, हस्ताक्षर अभियान में सक्रिय भागीदारी और अधिकाधिक लोगों को रैली से जोड़ने की शपथ भी दिलाई।

सभा को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर रविंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि संगठित प्रयास और टीमवर्क से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनजागरण और जनसहभागिता के बल पर भारत को शीघ्र ही गौवध के कलंक से मुक्त कराने का संकल्प साकार होगा।

बैठक में सूरत के विभिन्न क्षेत्रों से आए संत-महात्माओं, साधु समाज एवं बड़ी संख्या में गौभक्तों ने भाग लिया। सभी ने 27 जुलाई के कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button