
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) द्वारा आयोजित एक सेमिनार में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के महासचिव एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने की।
प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय व्यापारियों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘स्वदेशी अपनाएं’ तथा ‘भारतीय वस्तुएं खरीदें और बेचें’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन छोटे और बड़े व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने बताया कि CAIT और ITPO के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस चार दिवसीय महोत्सव में आठ थीम आधारित जोन बनाए जाएंगे तथा व्यापार और उद्योग से जुड़े 36 सेमिनार आयोजित होंगे। महोत्सव में 1,000 स्टॉल, लगभग 2 लाख प्रतिनिधियों की भागीदारी और 40 देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली के बाद इसी तरह के व्यापार महोत्सव मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता सहित देश के प्रमुख शहरों में भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं अगले तीन वर्षों में दुबई, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों में भी भारतीय व्यापार महोत्सव आयोजित कर भारतीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ की अवधारणा के तहत देशभर में स्थानीय स्तर पर भी व्यापार महोत्सव आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि टेक्सटाइल सेक्टर में सूरत की भागीदारी सबसे अधिक रहेगी। सूरत के उद्योग जगत ने महोत्सव के लिए 7,000 वर्गफुट क्षेत्रफल के स्टॉल बुक कराए हैं, जो शहर के वस्त्र उद्योग की मजबूत उपस्थिति और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




