महासभा की संगठन यात्रा पर्वत पाटिया पहुंची, पंजीकरण एवं संगठनात्मक नियमों पर मिला मार्गदर्शन
तेरापंथी सभा पदाधिकारियों को महासभा के विधान के अनुरूप कार्य संचालन के दिए गए दिशा-निर्देश

सूरत। संस्था शिरोमणि श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा की संगठन यात्रा के तहत मंगलवार को तेरापंथी सभा पर्वत पाटिया में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य तेरापंथी सभाओं एवं ट्रस्टों को महासभा के विधान के अनुरूप संचालित करने, पंजीकरण संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी देने तथा अपंजीकृत संस्थाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करना रहा।
बैठक में महासभा के पश्चिम संभाग के उपाध्यक्ष प्रकाश डाकलिया, कोलकाता जोन के उपाध्यक्ष एवं विधि सलाहकार विजय चौपड़ा, दक्षिण गुजरात आंचलिक प्रभारी अनिल चंडालिया, सभा प्रभारी संपत आंचलिया, कार्यसमिति सदस्य प्रदीप गंग, गौतम चौपड़ा, सुरेश चपलोत तथा डिजिटल प्रकल्प सदस्य पारस गंग एवं श्रेयास गौलछा उपस्थित रहे।
तेरापंथी सभा पर्वत पाटिया की ओर से सभा अध्यक्ष संजय बोहरा तथा न्यास मंडल की ओर से मुख्य प्रबंधन न्यासी कुलदीप कोठारी ने महासभा प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। नमस्कार महामंत्र के सामूहिक संगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विधि सलाहकार विजय चौपड़ा ने सभा एवं ट्रस्ट के पंजीकरण, विधि-विधान के अनुरूप संचालन तथा न्यास व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कानूनी एवं संगठनात्मक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महासभा उपाध्यक्ष प्रकाश डाकलिया ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि दक्षिण गुजरात आंचलिक प्रभारी अनिल चंडालिया ने महासभा की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की।
सभा मंत्री अनिल चौधरी ने महासभा द्वारा बताए गए सभी नियमों एवं सुझावों को सभा में प्रभावी रूप से लागू करने का आश्वासन दिया। बैठक में ट्रस्ट मंडल, सभा पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ महिला मंडल के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहमंत्री चंद्रप्रकाश परमार ने किया, जबकि संगठन मंत्री पवन कुमार बुच्चा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




