Textileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

सूरत के लोकप्रिय पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलौत का तबादला, अब संभालेंगे अहमदाबाद की कमान

ट्रैफिक अनुशासन से लेकर अपराधियों पर शिकंजा कसने तक रहा यादगार कार्यकाल, 1000 से अधिक लापता बच्चों को परिवारों से मिलाने को बताया सबसे बड़ी उपलब्धि

सूरत। सूरत शहर के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलौत का तबादला अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर के रूप में कर दिया गया है। करीब दो वर्ष, दो माह और 17 दिन तक सूरत की कमान संभालने वाले गहलौत ने अपने शांत, सरल और जनसंपर्क वाले व्यवहार के साथ-साथ प्रभावी पुलिसिंग से शहरवासियों के बीच विशेष पहचान बनाई। उनके स्थान पर अभी नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति नहीं हुई है।

14 अप्रैल 2024 को सूरत पुलिस कमिश्नर का पदभार संभालने के बाद गहलौत ने सबसे पहले शहर में ट्रैफिक अनुशासन को प्राथमिकता दी। उन्होंने केवल चालान और कार्रवाई पर निर्भर रहने के बजाय जनजागृति अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसका परिणाम यह रहा कि आज बड़ी संख्या में लोग बिना पुलिस की मौजूदगी के भी ट्रैफिक सिग्नल का पालन करते हैं और हेलमेट पहनने की आदत भी बढ़ी है।

उनके कार्यकाल में साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाए गए। एनडीपीएस के तहत बड़ी संख्या में मामले दर्ज किए गए और साइबर अपराधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई। वहीं वर्ष 2025 में 1,050 अपराधियों को PASA (पासा) कानून के तहत जेल भेजा गया, जो सूरत के इतिहास में एक वर्ष के दौरान की गई सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

अपने कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए पुलिस कमिश्नर गहलौत ने कहा कि गुमशुदा और अपहृत 1000 से अधिक बच्चों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाना उनके लिए सबसे भावुक और संतोषजनक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि सूरतवासियों ने उन्हें भरपूर स्नेह और सम्मान दिया, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। सामाजिक सहभागिता और नागरिकों का सहयोग सूरत की सबसे बड़ी ताकत है।

गहलौत के तबादले के बाद अब सूरत में नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति को लेकर शहरवासियों की निगाहें राज्य सरकार पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button