Uncategorized

एसटीएम चुनाव: 20 सीटों के लिए 74 नामांकन पत्र वितरित, व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह

18 जुलाई को होगा मतदान, 'लीज' बना प्रमुख चुनावी मुद्दा, तीसरे पैनल की भी चर्चा तेज

सूरत। रिंग रोड स्थित सूरत टेक्सटाइल मार्केट (एसटीएम) को-ऑपरेटिव सोसाइटी की प्रबंध समिति के 20 सदस्यों के चुनाव को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 18 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन पत्र वितरण के अंतिम दिन तक कुल 74 नामांकन पत्र जारी किए गए, जिससे इस बार मुकाबला काफी रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं।

चुनाव अधिकारी अशोक जैन, अशोक अग्रवाल एवं महेंद्र पाल खुराना ने बताया कि 29 एवं 30 जून को नामांकन पत्र वितरित किए गए। पहले दिन 51 और दूसरे दिन 23 नामांकन पत्र जारी हुए। अब उम्मीदवार 1 एवं 2 जुलाई को अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।

एसटीएम चुनाव में पहले कुल 1262 मतदाता थे, लेकिन लीज राशि बकाया होने के कारण 275 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। अब अंतिम मतदाता सूची में 987 मतदाता शामिल हैं।

चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को 5,000 रुपये की रिफंडेबल जमानत राशि जमा करनी होगी। यदि किसी उम्मीदवार को कुल वैध मतों का 15 प्रतिशत समर्थन नहीं मिलता है तो उसकी जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 जुलाई को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित होगी, 4 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 8 जुलाई को नाम वापसी के बाद अंतिम उम्मीदवार सूची जारी होगी। मतदान 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा तथा उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होकर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इस बार चुनाव में सबसे अधिक चर्चा ‘बहुचर्चित लीज’ के मुद्दे की है, जिसे विरोधी गुट प्रमुख चुनावी मुद्दा बना रहा है। हालांकि बाजार में यह भी चर्चा है कि विरोधी पक्ष के पास अभी तक मजबूत और व्यापक स्वीकार्यता वाले चेहरे सामने नहीं आए हैं।

74 नामांकन पत्रों के वितरण ने यह संकेत भी दिया है कि इस बार केवल दो नहीं बल्कि तीसरे पैनल के मैदान में उतरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पूर्व की एजीएम में भी तीसरे पैनल के गठन के संकेत मिले थे। यदि ऐसा होता है तो एसटीएम का चुनाव और अधिक रोमांचक तथा बहुकोणीय मुकाबले में बदल सकता है।

एसटीएम की नई प्रबंध समिति में 17 सामान्य वर्ग, 2 महिला तथा 1 अनुसूचित/पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सदस्य चुने जाएंगे। इसके अलावा सूरत महानगरपालिका द्वारा एक सदस्य मनोनीत किया जाएगा। इस प्रकार नई समिति में कुल 21 सदस्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button