businessTextileक्राइमगुजरातसूरत सिटी

दिल्ली के व्यापारी दंपती ने सारोली के लेस व्यापारी से की 4.91 लाख रुपये की ठगी

पहले एडवांस भुगतान कर जीता भरोसा, बाद में लाखों का माल मंगवाकर भुगतान रोका; सरोली पुलिस ने मामला दर्ज किया

­सूरत। शहर के मोटा वराछा निवासी एवं सारोली स्थित ‘माहीरा फैशन’ के लेस पट्टी थोक व्यापारी से दिल्ली के एक व्यापारी दंपती द्वारा 4.91 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले एडवांस भुगतान कर विश्वास हासिल किया गया और बाद में लाखों रुपये का माल मंगवाकर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया।

पुलिस के अनुसार, मोटा वराछा निवासी रविभाई दिनेशभाई काछड़िया (26) सारोली के कृष्णा पार्क इंडस्ट्रीज में ‘माहीरा फैशन’ नाम से जीपीओ लेस पट्टी का थोक कारोबार करते हैं। उनकी माता विनताबेन के नाम पर जीएसटी पंजीकृत फर्म का संचालन रविभाई स्वयं करते हैं।

शिकायत के मुताबिक, नवंबर 2024 में दिल्ली की ‘रीटा ग्लोबल फैशन’ के संचालक भरत बग्गा और प्रोपराइटर अनीषा बग्गा ने रविभाई से संपर्क किया। शुरुआत में दोनों ने अन्य व्यापारियों का हवाला देते हुए एडवांस भुगतान के साथ माल खरीदा, जिससे व्यापारी का उन पर विश्वास बन गया।

इसके बाद दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 14,80,925 रुपये का जीपीओ लेस पट्टी का माल दिल्ली मंगवाया गया। आरोपियों ने किस्तों में 9,89,000 रुपये का भुगतान किया, लेकिन शेष 4,91,925 रुपये का भुगतान नहीं किया। बकाया राशि मांगने पर दोनों लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।

आखिरकार खुद को ठगा महसूस होने पर रविभाई काछड़िया ने सरोली पुलिस थाने में अनीषा बग्गा और भरत बग्गा के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिल एवं चालान सहित अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button