businessTextileक्राइमसूरत सिटी

मजूरा गेट-इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर के यार्न व्यापारी से 67.55 लाख रुपये की ठगी

एडवांस भुगतान लेने के बाद माल की पूरी डिलीवरी नहीं की, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सूरत। शहर के अठवा क्षेत्र में यार्न व्यवसायी के साथ 67.55 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। यार्न सप्लाई के लिए अग्रिम भुगतान लेने के बावजूद माल की पूरी डिलीवरी नहीं करने तथा शेष राशि वापस नहीं लौटाने पर व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच इको सेल को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, सिटी लाइट क्षेत्र स्थित आर्णव अपार्टमेंट निवासी तथा मजूरा गेट स्थित इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर की पांचवीं मंजिल पर सुराना यार्न नामक फर्म संचालित करने वाले राजेन्द्रकुमार बाबूलाल सुराना (57) ने डुमस रोड-मगदल्ला स्थित राजहंस मोंटेसा निवासी तथा सुयोग सिंथेटिक्स के प्रोप्राइटर एवं ट्रिबेनी वर्ल्डवाइड प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर जगदीशप्रसाद रामकिशन गर्ग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, यार्न सप्लाई के व्यापारिक सौदे के तहत 3 दिसंबर 2024 से 18 मई 2025 के बीच राजेन्द्रकुमार सुराना ने सुयोग सिंथेटिक्स के बैंक खाते में अग्रिम भुगतान के रूप में कुल 97 लाख 93 हजार 192 रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोप है कि इसके बदले जगदीशप्रसाद गर्ग ने केवल 13.38 लाख रुपये मूल्य के यार्न की ही डिलीवरी दी।

व्यापारी द्वारा बार-बार मांग करने के बावजूद शेष माल की आपूर्ति नहीं की गई। बाद में भुगतान वापस मांगने पर आरोपी ने बैंक खाते के माध्यम से 17 लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन इसके बाद भी 67.55 लाख रुपये की राशि बकाया रह गई। न तो बकाया माल की डिलीवरी दी गई और न ही शेष रकम लौटाई गई।

खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर राजेन्द्रकुमार सुराना ने अठवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जगदीशप्रसाद रामकिशन गर्ग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच सूरत पुलिस की इको सेल द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button