आईआईएफ उद्यम 2026 की तैयारियों को लेकर लघु उद्योग भारती, सूरत की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
महिला उद्यमियों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन, स्टॉल बुकिंग पर सदस्यों को छूट देने का निर्णय

सूरत। लघु उद्योग भारती, सूरत द्वारा आईआईएफ उद्यम 2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री मारुधर केसरी रीजेंट टेक्सटाइल मार्केट, सूरत में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लघु उद्योग भारती के पूर्व अखिल भारतीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्योगपति वजूभाई वागासिया ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में आईआईएफ उद्यम 2026 प्रदर्शनी के आयोजन, प्रचार-प्रसार, स्टॉल बुकिंग, उद्यमियों की सहभागिता तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, सूरत के लिए एक समर्पित कर्मचारी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सूरत में महिला उद्यमियों की एक विशेष टीम गठित की जाएगी। इस टीम के गठन में विभिन्न शहरों की महिला अध्यक्षों एवं उद्यमियों का सहयोग लिया जाएगा। प्रदर्शनी में भाग लेने वाली महिला उद्यमियों को विशेष सुविधाएं एवं अतिरिक्त लाभ प्रदान किए जाएंगे तथा उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
आईआईएफ उद्यम 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख शहरों में रोड शो, होर्डिंग्स एवं बैनर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही लघु उद्योग भारती के सदस्यों को प्रदर्शनी में स्टॉल बुकिंग पर विशेष छूट देने की घोषणा की गई।
बैठक में बताया गया कि लघु उद्योग भारती द्वारा एंड्रॉयड एवं आईओएस प्लेटफॉर्म पर वेबसाइट और मोबाइल एप विकसित किए गए हैं, जिनमें ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पंजीकरण, स्टॉल बुकिंग एवं अन्य सेवाओं का लाभ उद्यमियों को सरलता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त होगा।
बैठक में संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन, राकेश रंगवाणी, पंकज शर्मा, मनोहर वैष्णव, विनोद सारस्वत, चंचल वचानी, गणपत भाटी, मोहबत परमार, देवराज पटेल, मेहुल जाधव, शक्ति सिंह तंवर सहित अनेक उद्यमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि आईआईएफ उद्यम 2026 को उद्योग जगत का एक भव्य एवं सफल आयोजन बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा उद्यमियों का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हो रहा है।
सूरत अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बैठक में उपस्थित सभी उद्यमियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।


