सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

तेरापंथ युवक परिषद् पर्वत पाटिया के अध्यक्ष बने अशोक कोचर

वार्षिक साधारण सभा में सर्वसम्मति से हुआ चयन, सत्र 2026-28 के लिए नई जिम्मेदारी सौंपी गई

सूरत। तेरापंथ युवक परिषद् पर्वत पाटिया की नवमी वार्षिक साधारण सभा का आयोजन तेरापंथ भवन, पर्वत पाटिया में परिषद् अध्यक्ष अमित बुच्चा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जैन संस्कारक पवन बुच्चा द्वारा नमस्कार महामंत्र के संगान से किया गया, जबकि विजय गीत का संगान विमल रांका, भरत कावड़िया एवं दीपक बैद ने प्रस्तुत किया।

महासभा की कार्यसमिति के सदस्य एवं सभा मंत्री प्रदीप गंग ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया। अध्यक्ष अमित बुच्चा ने उपस्थित श्रावक समाज का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। सहमंत्री दीपक बैद ने गत वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही का वाचन किया, जबकि मंत्री अशोक कोचर ने सत्र 2025-26 में परिषद् द्वारा किए गए विभिन्न सेवा, संगठन एवं सामाजिक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। परिषद् की गतिविधियों को डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया तथा सभी कार्यकर्ताओं का श्लोक के माध्यम से अभिनंदन किया गया।

कोषाध्यक्ष अजय राखेचा ने सत्र 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने ‘ऊँ अर्हम्’ की ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इस अवसर पर परिषद् के अनुदानदाताओं का सम्मान भी किया गया। तत्पश्चात अध्यक्ष अमित बुच्चा ने अपनी कार्यकारिणी के विसर्जन की घोषणा की।

चुनाव अधिकारी संजय बोहरा एवं अनिल चौधरी ने बताया कि सत्र 2026-28 के अध्यक्ष पद हेतु कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इस पर सदन द्वारा अशोक कोचर के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद चुनाव अधिकारी संजय बोहरा ने अशोक कोचर को तेरापंथ युवक परिषद् पर्वत पाटिया का सत्र 2026-28 का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

सभा में महासभा कार्यसमिति सदस्य प्रदीप गंग, सभा अध्यक्ष संजय बोहरा, मंत्री अनिल चौधरी, निवर्तमान सभा अध्यक्ष गौतम ढेलड़िया, निवर्तमान तेयुप अध्यक्ष रवि मालू, जैन संस्कारक पवन बुच्चा तथा भूतपूर्व अध्यक्ष दिलीप चावत सहित अनेक गणमान्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप पुगलिया ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button