
सूरत। शहर के पासोदरा क्षेत्र निवासी एक व्यापारी के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 2.06 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि लोन प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान एक फर्जी ऐप के माध्यम से मोबाइल हैक कर बैंक खाते से तीन चरणों में रकम निकाल ली गई।
पुलिस के अनुसार पासोदरा स्थित गढ़पुर टाउनशिप निवासी चंद्रेशभाई विनुभाई मेघाणी, वराछा के लांबे हनुमान रोड स्थित कमलबाग सोसायटी में ओम फैशन नाम से साड़ी एवं कुर्ती के व्यापार से जुड़े हैं। उन्हें लोन की आवश्यकता होने पर गत 8 मई की सुबह उन्होंने अपने मोबाइल में बैंक ऑफ इंडिया की ऐप के माध्यम से मिनी स्टेटमेंट निकालने का प्रयास किया। लंबे समय से ऐप का उपयोग नहीं करने के कारण वह खुल नहीं रही थी। इस दौरान उन्होंने बैंक संबंधी जानकारी ऐप में दर्ज कर दी और अपने काम से किम चले गए।
दोपहर में उनके मोबाइल पर गूगल पे के माध्यम से खाते से 2.06 लाख रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। साथ ही मोबाइल में व्हाट्सएप का लोगो भी बदला हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया के कस्टमर केयर से संपर्क किया। जांच में पता चला कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने फर्जी ऐप के जरिए उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 50-50 हजार रुपये तथा 1.56 लाख रुपये सहित कुल 2.06 लाख रुपये तीन अलग-अलग चरणों में निकाल लिए।
घटना की जानकारी मिलने पर चंद्रेशभाई ने पहले साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में लसकाना पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कराया। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक एम.बी. झाला कर रहे हैं।



