businessTextileक्राइमसूरत सिटी

गोडादरा की राघव मार्केट में 26.91 लाख की ठगी, रिश्तेदार कर्मचारी साथी संग साड़ी का माल बेचकर फरार

सुरत।सूरत के गोडादरा स्थित राघव मार्केट में संचालित “मीत फैशन हब” के व्यापारी के साथ करीब 26.91 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यापारी की दुकान में काम करने वाले कुटुंबीय कर्मचारी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मालिक की जानकारी के बिना हजारों साड़ियों का माल बेच दिया और नकदी लेकर फरार हो गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब माल की डिलीवरी करने वाला टेम्पो चालक अपना बकाया किराया लेने दुकान पर पहुंचा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल रूप से हरियाणा निवासी और वर्तमान में सूरत के गोडादरा क्षेत्र स्थित रघुनंदन रो-हाउस में रहने वाले जयप्रकाश उर्फ अमित अंजनीकुमार शर्मा स्थानीय राधामाधव मार्केट के प्रथम मंजिल पर दुकान नंबर 1113 में “मीत फैशन हब” नाम से साड़ी का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान में पारिवारिक रिश्तेदार दीपक विनोद कुमार शर्मा निवासी जी-3/40-41, आनंद स्कीम, हाथोज, जोतवाड़ा, जयपुर, राजस्थान जून 2025 से माल की पैकिंग और डिलीवरी का कार्य संभाल रहा था।

बताया गया है कि दिवाली के दौरान माल क्लियरिंग के बहाने दीपक शर्मा अपने वतन चला गया था। इसी बीच साड़ी का माल पहुंचाने वाले टेम्पो चालक ने व्यापारी जयप्रकाश शर्मा से बकाया भाड़े की रकम मांगी। जब व्यापारी ने हिसाब-किताब की जांच की तो जिन व्यापारियों को साड़ियों की डिलीवरी की गई थी, उसका कोई रिकॉर्ड चोपड़े या खातों में दर्ज नहीं मिला। इससे व्यापारी को गड़बड़ी की आशंका हुई।

आगे जांच करने पर सामने आया कि दीपक शर्मा ने मोहित साबरमल हल्लुनिया निवासी 308, रतिरंग पैलेस, पर्वत पाटिया, सूरत के साथ मिलकर व्यापारी की जानकारी के बिना करीब 26 लाख 91 हजार 985 रुपये कीमत की 6625 साड़ियों का माल बिना बिल के बेच दिया। आरोपियों ने अलग-अलग व्यापारियों से नकद रकम वसूल कर ली और बाद में फरार हो गए।

व्यापारी ने जब दीपक शर्मा से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बाद में व्यापारी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसके बाद जयप्रकाश शर्मा ने गोडादरा पुलिस थाने में दीपक शर्मा, मोहित हल्लुनिया और अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4), 61(2) और 3(5) के तहत शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल गोडादरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई एस.आर. राणा द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button