सूरत। परवत पाटिया क्षेत्र में रहने वाले और सारोली टेक्सटाइल मार्केट में सेल्समैन के रूप में कार्यरत 21 वर्षीय धीरजकुमार जयंतीलाल जैन साइबर ठगी का शिकार हो गए। स्टॉक मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर अज्ञात ठगों ने उनसे करीब 14.60 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार धीरजकुमार सोशल मीडिया पर सर्फिंग कर रहे थे, तभी उन्हें स्टॉक मार्केट में निवेश कर “गारंटी रिटर्न” देने वाली एक लिंक दिखाई दी। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें “H-4 Trinity Capital” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में अन्य लोगों के कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर किए गए थे, जिससे उन्हें भरोसा हो गया।
इसके बाद ग्रुप एडमिन आशुदेवी, तिलक कुमार और राजेश कपूर नामक व्यक्तियों ने धीरजकुमार से संपर्क किया और ट्रेडिंग के लिए एक एप्लिकेशन डाउनलोड करवाई। शुरुआत में एंजल वन प्लेटफॉर्म पर टिप्स देकर विश्वास जीता गया। बाद में ठगों ने एक फर्जी डिजिटल पोर्टल की लिंक भेजकर डिमैट अकाउंट खुलवाया।
ठगों ने ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवानी शुरू की। धीरजकुमार ने टुकड़ों में कुल 15.20 लाख रुपये विभिन्न खातों में जमा कर दिए। शुरुआत में विश्वास कायम रखने के लिए ठगों ने उन्हें 60 हजार रुपये का मुनाफा भी निकालने दिया। लेकिन बाद में शेष 14.60 लाख रुपये निकालने नहीं दिए और संपर्क बंद कर दिया।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर धीरजकुमार जैन ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



