
सूरत। सूरत महानगरपालिका के नए शासक बोर्ड के गठन को लेकर आगामी 28 मई को सामान्य सभा बुलाई गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में नए मेयर, डिप्टी मेयर तथा स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन का चयन किया जाएगा। 28 अप्रैल को घोषित मनपा चुनाव परिणामों के लगभग एक महीने बाद अब नवनिर्वाचित पार्षद विधिवत रूप से मनपा में प्रवेश करेंगे।
इस बार मनपा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर कब्जा जमाया है। कुल 120 सीटों में से भाजपा ने 115 सीटें जीतकर विपक्ष को लगभग नगण्य स्थिति में पहुंचा दिया। आम आदमी पार्टी को 4 सीटें जबकि कांग्रेस को केवल 1 सीट पर जीत मिली थी।
भाजपा की बड़ी जीत के बाद पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व के भीतर चल रही चर्चा और खींचतान के कारण प्रक्रिया में देरी होने की राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। खासकर मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन जैसे अहम पदों के लिए कई दावेदार मैदान में होने से पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक लॉबिंग भी तेज हो गई थी।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व की अंतिम मंजूरी के बाद ही नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिसके चलते सभी की नजरें गांधीनगर पर टिकी हुई हैं। 28 मई की सामान्य सभा से पहले प्रदेश भाजपा की ओर से जारी होने वाले मेंडेट में किन नामों पर मुहर लगेगी, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
नई टर्म में मनपा के नए पदाधिकारियों के सामने शहर के विकास कार्य, ट्रैफिक व्यवस्था, पानी की आपूर्ति, ड्रेनेज सिस्टम, मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते उत्पन्न समस्याएं तथा बढ़ती नागरिक परेशानियां बड़ी चुनौती साबित होंगी। वहीं भाजपा के नए बोर्ड पर लगातार तीसरी टर्म में विकास कार्यों को और गति देने का दबाव भी रहेगा।




