लोकल न्यूज़सूरत सिटी

वेसु की हाईराइज बिल्डिंग के 9वें मंजिल पर भीषण आग, 11 लोगों का रेस्क्यू

घबराए रहवासी जान बचाने छत पर पहुंचे

सूरत। शहर के वेसु क्षेत्र स्थित एक हाईराइज बिल्डिंग के नौवें मंजिल पर रविवार तड़के भीषण आग लगने से रहवासियों में अफरा-तफरी और भय का माहौल फैल गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे। जान बचाने के लिए महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग छत तथा ऊपरी मंजिलों की ओर भागे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार वेसु कैनाल रोड पर अग्रवाल स्कूल के पीछे स्थित ‘जैनम ग्रांड अल्टीमा’ हाईराइज बिल्डिंग के सी-टावर में नौवें मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर सी-903 में रविवार तड़के अचानक आग भड़क उठी। घटना के समय अधिकांश रहवासी नींद में थे। आग लगते ही बिल्डिंग से धुएं के गुबार और आग की लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे पूरी बिल्डिंग में हड़कंप मच गया।

धुएं के कारण पेसज से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। ऐसे में कुछ लोग 10वीं और 11वीं मंजिल पर पहुंच गए, जबकि कई लोग छत पर जाकर खड़े हो गए। कुछ रहवासी अपने फ्लैट के अंदर ही दरवाजे बंद कर फंस गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही वेसु, भीमराड, मानदरवाजा और मजूरा समेत पांच फायर स्टेशनों से फायर ब्रिगेड का काफिला हाइड्रोलिक सहित आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा। फायर जवानों ने सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। साथ ही फंसे हुए 11 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

आग से फ्लैट का पूरा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे रहवासियों ने राहत की सांस ली। फायर अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सौभाग्य से आग लगने के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के फ्लैटों में आग फैलने से भी रोक लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button