
सूरत। पुणागाम क्षेत्र स्थित मार्केट में ऑनलाइन साड़ी का व्यवसाय करने वाले 32 वर्षीय युवक ने अपनी ही ऑफिस में जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक पुलिस जांच में आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अमरेली जिले के राजुला तहसील के मंडल गांव निवासी तथा वर्तमान में कामरेज के माकणा गांव स्थित शिवसम रेसिडेंस में रहने वाले 32 वर्षीय बालुभाई आतुभाई मकवाणा पुणागाम के सीतानगर के पास स्थित बेलेजियो टेक्सटाइल मार्केट की तीसरी मंजिल पर किराए की दुकान में ऑनलाइन साड़ी का व्यापार करते थे। बालुभाई की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी।
बताया गया है कि बीती रात बालुभाई ने अपनी ऑफिस में जहरीली दवा पी ली। कुछ समय बाद उनका छोटा भाई ऑफिस पहुंचा तो घटना की जानकारी मिली। इसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे 108 के ईएमटी ने जांच के बाद बालुभाई को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालुभाई आर्थिक संकट से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना को लेकर पुणा पुलिस आगे की जांच कर रही है।




