
सूरत। सारोली स्थित विकास लॉजिस्टिक पार्क में संचालित रिधम क्रिएशन नामक फर्म के व्यापारी के साथ 11.34 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तेलंगाना की सौभाग्यलक्ष्मी गारमेंट के दो व्यापारियों ने दलाल के माध्यम से फिनिश साड़ी कपड़े का माल मंगवाया, लेकिन भुगतान किए बिना दुकान बंद कर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूरत के सुमेश्वर एन्क्लेव के सामने शिखर हाइट्स में रहने वाले अंकित रमेशजी कोठारी सारोली स्थित विकास लॉजिस्टिक पार्क की दुकान नंबर 1014 में रिधम क्रिएशन नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं। तेलंगाना के जवाहर नगर स्थित सौभाग्यलक्ष्मी गारमेंट के व्यापारी बसबाथिनी अखिला और बसबाथिनी अशोक कुमार ने कपड़ा दलाल किरण प्रजापति के माध्यम से 13 अप्रैल 2023 से 24 सितंबर 2024 के दौरान अंकित कोठारी से 11,34,435 रुपए मूल्य का फिनिश साड़ी कपड़ा मंगवाया था।
माल प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर समय निकालते रहे। बाद में दोनों व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर दी और फरार हो गए। मामले में व्यापारी अंकित कोठारी ने सारोली पुलिस थाने में तेलंगाना के दोनों व्यापारियों और दलाल सहित तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) और 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच पीएसआई सी.के. मानावाला कर रहे हैं।



