businessTextileक्राइमसूरत सिटी

मजुरागेट स्थित डेक्स्टर कॉर्पोरेशन के व्यापारी से 6.55 करोड़ की ठगी

दलाल सहित 13 व्यापारियों ने पूरी जिम्मेदारी लेने का भरोसा देकर कराया निवेश, रकम हड़पने का आरोप

सूरत। रिंगरोड स्थित मजुरागेट के सेंटर प्वाइंट कॉम्प्लेक्स में संचालित डेक्स्टर कॉर्पोरेशन फर्म के व्यापारी के साथ दलाल एवं अन्य व्यापारियों द्वारा निवेश करवाकर 6.55 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अठवा पुलिस ने दलाल सहित 13 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वेसु स्थित सूडा भवन के पास श्याम लग्जरी निवासी सुमितकुमार रामनिवास अग्रवाल मजुरागेट स्थित सेंटर प्वाइंट की दुकान नंबर 603/ए में डेक्स्टर कॉर्पोरेशन नाम से ट्रेडिंग व्यवसाय संचालित करते हैं। उनका संपर्क दलाल ललित ठाकवानी तथा अन्य व्यापारियों से हुआ था। आरोप है कि राजेश्वरी इंटरनेशनल फर्म के व्यापारी करण जागाणी एवं किरण जागाणी, आरव इम्पेक्स के कुलदीप कोराट, धर्माग ब्रिक्स प्रा. लि. के जोगेंद्रसिंह जाडेजा, भूमिक भुवा व महेशभाई राखोलिया, इन्विक्टस पॉलीपैक प्रा. लि. के उत्तम भाग्या, पार्थ उजरिया एवं चेतन मालाणी तथा कैमब्रिक्स नॉन वूवन प्रा. लि. के चंपक लिम्बाचिया, अरविंद दूधातरा व केयूर डोबरिया सहित कुल 13 व्यापारियों ने संयुक्त रूप से निवेश का प्रस्ताव दिया था।
आरोपियों ने व्यापारी को भरोसा दिलाया कि उन्हें केवल व्यवसाय पर निगरानी रखनी होगी, जबकि ऑर्डर प्राप्त करने से लेकर भुगतान वसूली तक की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं संभालेंगे तथा अच्छे मुनाफे का आश्वासन दिया। इस भरोसे पर 12 अगस्त 2025 से 11 अक्टूबर 2025 के बीच विभिन्न चरणों में कुल 6,55,69,344 रुपये का निवेश कराया गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने रकम वापस नहीं की और संपर्क तोड़ दिया।
मामले में पीड़ित व्यापारी सुमितकुमार अग्रवाल की शिकायत के आधार पर अठवा पुलिस स्टेशन में दलाल सहित सभी 13 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5) एवं 54 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच आर्थिक अपराध निवारण शाखा के पुलिस निरीक्षक के.एम. छासिया द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button