Textileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

साइबर माफियाओं पर कार्रवाई के लिए सूरत पुलिस सुपर एक्शन मोड में

पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलौत की अध्यक्षता में हाईलेवल बैठक और स्पेशल सेमिनार आयोजित

सूरत। शहर में लगातार बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सूरत पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। साइबर माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने और ठगों तक तेजी से पहुंच बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलौत की अध्यक्षता में बैंकों और टेलिकॉम कंपनियों के साथ हाईलेवल समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क को खत्म करने के लिए अलथाण स्थित आईसीएआई भवन में विशेष सेमिनार भी आयोजित किया गया। पुलिस के इस आक्रामक रुख से आने वाले दिनों में साइबर अपराधियों के लिए सूरत में सक्रिय रहना मुश्किल माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 15 मई की शाम आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर में बढ़ते साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और वित्तीय अपराधों को रोकने के लिए स्थायी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सूरत की प्रमुख बैंकिंग संस्थाओं, टेलिकॉम सेवा प्रदाताओं, फिनटेक कंपनियों तथा दूरसंचार विभाग (DoT) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। साइबर ठगी होने के बाद अपराधियों तक तत्काल पहुंच सुनिश्चित करने हेतु पुलिस और संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

इसके बाद आज सुबह साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले किराये के बैंक खातों अर्थात ‘म्यूल अकाउंट’ के दुरुपयोग को रोकने के लिए सूरत पुलिस द्वारा विशेष प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार में शहर के सभी पुलिस थानों के पुलिस इंस्पेक्टरों तथा साइबर सेल के अधिकारियों को जांच प्रक्रिया को अधिक तेज, तकनीकी रूप से सशक्त और सटीक बनाने संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।

सेमिनार में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-1 बलराम मीणा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-2 महेंद्र बगरिया, अतिरिक्त अपराध सीपी डॉ. करणराज वाधेला, साइबर डीसीपी विशाखा जैन, क्राइम ब्रांच डीसीपी भावेश रोजिया, एसओजी डीसीपी राजदीपसिंह नकुम सहित जोन-1 से 7 तक के डीसीपी तथा विशेषज्ञ अधिकारियों की उपस्थिति रही। सूरत पुलिस के इस संयुक्त अभियान को साइबर अपराध के खिलाफ बड़े ऑपरेशन की शुरुआत माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button