businessTextileसूरत सिटी

सूरत टेक्सटाइल मार्केट में महंगाई की मार, पार्सल चार्ज में 15 रुपये की बढ़ोतरी

डीजल-पेट्रोल कीमतों और मजदूरी खर्च बढ़ने से यूनियन का निर्णय, 1 जून से लागू होंगे नए दर

सूरत। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और लगातार बढ़ती महंगाई का प्रभाव अब सूरत के टेक्सटाइल उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। शहर के विभिन्न टेक्सटाइल मार्केट में पार्सल हैंडलिंग एवं ट्रांसपोर्टेशन चार्ज में प्रति पार्सल 15 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। नए संशोधित दर आगामी 1 जून 2026 से लागू किए जाएंगे।
सूरत टेक्सटाइल जिला मार्केटिंग ट्रांसपोर्ट लेबर यूनियन के अध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा और प्रवक्ता शान खान ने बताया कि पिछले कुछ समय से डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार वृद्धि, मजदूरी खर्च बढ़ने तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की महंगाई के कारण पार्सल एवं ट्रांसपोर्ट संचालन करना कठिन होता जा रहा था। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यूनियन ने पार्सल दर में 15 रुपये प्रति पार्सल बढ़ोतरी का निर्णय लिया है।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार इस निर्णय की लिखित सूचना शीघ्र ही सभी टेक्सटाइल मार्केट प्रबंधन को भेजी जाएगी। साथ ही श्रमिकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे व्यापारियों को नए बढ़े हुए शुल्क के बारे में पहले से अवगत कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
टेक्सटाइल व्यापार से जुड़े जानकारों का मानना है कि पार्सल चार्ज में हुई वृद्धि का सीधा असर छोटे व्यापारियों और बाहरगाम माल भेजने वाले व्यापारियों पर पड़ सकता है। वहीं श्रमिक संगठनों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय आवश्यक हो गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button