POLITICSराजस्थानसूरत सिटी

भाजपा से सभी राजस्थानी प्रत्याशी विजयी, प्रवासी राजस्थानियों ने फहराया जीत का परचम

सूरत। सूरत महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से मैदान में उतरे प्रवासी राजस्थानी समाज के सभी प्रत्याशियों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों के बाद राजस्थानी समाज में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। भाजपा द्वारा राजस्थानी समाज से छह प्रत्याशियों को टिकट दिया गया था और सभी उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त कर समाज की राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक ताकत को साबित किया।
वार्ड क्रमांक 18 से दिनेशभाई रूपाजी राजपुरोहित ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल करते हुए 18,397 मत प्राप्त किए। दिनेश राजपुरोहित सूरत के राजस्थानी समाज में मजबूत पकड़ रखते हैं और अपने पिछले कार्यकाल के दौरान वार्ड में कई विकास कार्यों के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 19 से राजस्थानी जैन समाज के अग्रणी अशोक मांगीलाल शाह ने 24,228 मत प्राप्त कर पहली बार पार्षद पद पर विजय हासिल की। इसी क्रम में जैन समाज के वरिष्ठ एडवोकेट देवेंद्र बोकड़िया ने वार्ड क्रमांक 23 से 15,995 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की।
वार्ड क्रमांक 22 से माहेश्वरी समाज की महिला प्रत्याशी रश्मिबेन गिरधारीभाई साबू ने सर्वाधिक 33,720 मत प्राप्त कर विजय परचम फहराया और दूसरी बार सूरत महानगरपालिका में पार्षद बनने का अवसर प्राप्त किया। अग्रवाल समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए सुमनदेवी विमलकुमार गर्ग ने 27,952 मत हासिल कर पहली बार पार्षद पद पर जीत दर्ज की। वहीं वार्ड क्रमांक 28 से राजकंवर मनोहरसिंह राठौड़ ने 14,196 मत प्राप्त कर भाजपा को जीत दिलाई।
राजस्थानी समाज के सभी प्रत्याशियों की जीत के साथ सूरत महानगरपालिका में समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रभाव और अधिक मजबूत हुआ है। चुनाव परिणामों के बाद समाजजनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्षोल्लास का वातावरण देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button