businessTextileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

भाजपा 4 स्पेशल ट्रेनों से 5000 श्रमिकों को मतदान के लिए पश्चिम बंगाल भेजेगी

सूरत। रविवार को सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर भारी अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। यूपी, बिहार और ओडिशा जाने के लिए एक साथ 10 हजार से अधिक लोग स्टेशन पर पहुंच गए, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और कई जगह हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की के कारण हालात इतने खराब हो गए कि 4000 से ज्यादा लोगों को बिना सफर किए ही वापस लौटना पड़ा।
इसी बीच दूसरी ओर भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विशेष पहल की गई है। उधना स्टेशन से रविवार रात करीब 1300 श्रमिकों को लेकर एक “वोटर्स स्पेशल” ट्रेन पश्चिम बंगाल के लिए रवाना की गई। इसके अलावा दो और ट्रेनों का भी आयोजन किया गया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा द्वारा कुल 4 स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से लगभग 5000 प्रवासी बंगाली मतदाताओं को मुफ्त में पश्चिम बंगाल भेजा जाएगा, ताकि वे अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। ये सभी ट्रेनें सीधे कोलकाता तक जाएंगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्टेशन पर रवाना होते समय यात्रियों के हाथों में तिरंगा झंडा था और “वंदे मातरम्” व “जय श्रीराम” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
इस संबंध में सूरत बंगाली समाज के अग्रणी वासुदेव अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर है और अधिक से अधिक लोग मतदान कर सकें, इसके लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मध्यम और गरीब वर्ग के लोग महंगी यात्रा का खर्च नहीं उठा पाते, इसलिए उन्हें मुफ्त यात्रा सुविधा दी जा रही है।
हालांकि, एक तरफ जहां बंगाली मतदाताओं के लिए मुफ्त एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है, वहीं दूसरी ओर यूपी, बिहार और ओडिशा जाने वाले यात्रियों को भारी भीड़ और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा, जिससे व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button