businessTextileअहमदबादक्राइमसूरत सिटी

रघुवीर सेलियम मार्केट के कपड़ा व्यापारी से 10.49 लाख की ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार

सारोली पुलिस की कार्यवाही, दलाल के जरिए व्यापारियों को भरोसे में लेकर करते थे धोखाधड़ी

सूरत। शहर के सारोली पुलिस थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के साथ 10.49 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों ने दलाल के माध्यम से पहचान बढ़ाकर व्यापार शुरू किया और बाद में बड़ी मात्रा में कपड़ा लेकर भुगतान नहीं कर व्यापारी के साथ धोखाधड़ी की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विजयकुमार कैलाशचंद्र बंसल, जो कमला एसोसिएट्स, कमला क्रिएशन तथा श्री कान्हा टेक्सटाइल के प्रोपराइटर हैं और रघुवीर सेलियम मार्केट, पुणा-कुंभारीया रोड स्थित दुकान से धार्मिक झंडों के कपड़े का व्यापार करते हैं, उनके संपर्क में दलाल नरेंद्रकुमार गोपालकिशन शर्मा तथा अन्य व्यापारियों ने आकर व्यापारिक संबंध स्थापित किए। आरोपियों ने शुरुआत में समय पर भुगतान कर विश्वास अर्जित किया और बाद में 6 दिसंबर 2024 को अलग-अलग बिलों के माध्यम से 8.60 लाख रुपये का कपड़ा माल तथा हाथ उधार सहित कुल 10,49,438 रुपये की राशि का भुगतान नहीं किया। बार-बार आश्वासन देने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
इस संबंध में सारोली पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था।पुलिस इंस्पेक्टर एस.आर. वेकरिया के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और मानव स्रोतों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डिंडोली क्षेत्र से नरेंद्रकुमार गोपालकिशन शर्मा तथा पाल-अडाजन क्षेत्र से शालीग्राम उर्फ छोटू चिंतामणि निकम को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी नवीन गोपालकिशन शर्मा की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी दलालों के माध्यम से व्यापारियों से संपर्क कर पहले छोटे लेनदेन समय पर चुकाकर विश्वास जीतते थे और बाद में बड़े पैमाने पर कपड़ा खरीदकर भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एस.आर. वेकरिया के मार्गदर्शन में पीएसआई एस.बी. नकुम, एएसआई वीरेनभाई जामुभाई, एएसआई अजीतभाई ठाकोरभाई, हेड कांस्टेबल अरविंदभाई लालजीभाई तथा पुलिस कांस्टेबल सजणाभाई वर्धाभाई की टीम ने संयुक्त रूप से सराहनीय कार्य किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button