businessTextileसूरत सिटी

सूरत के व्यापारी ने रिसाइकिल कपड़े से बनाए IPL के झंडे और टी-शर्ट, 100 करोड़ से अधिक कारोबार की उम्मीद

सूरत। क्रिकेट के महाकुंभ माने जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का उत्साह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर में देखने को मिलता है। हर साल की तरह इस बार भी आईपीएल टीमों के झंडे और टी-शर्ट बड़े पैमाने पर सूरत में तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन इस बार सूरत के व्यापारियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई पहल की है। पलसाणा क्षेत्र के व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने रिसाइकिल कपड़े से आईपीएल टीमों के झंडे और टी-शर्ट तैयार किए हैं।
पलसाणा स्थित प्रवीण ओवरसीज कंपनी द्वारा क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को बनाए रखने और पर्यावरण को नुकसान से बचाने के उद्देश्य से रिसाइकिल यार्न, प्लास्टिक और वेस्ट मटेरियल से तैयार कपड़े का उपयोग कर आईपीएल की सभी 10 टीमों के झंडे और टी-शर्ट बनाए गए हैं। कंपनी के मालिक प्रवीणभाई गुप्ता ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले से ही इन झंडों और टी-शर्ट का निर्माण शुरू कर दिया था। प्रत्येक टीम के रंग और लोगो को ध्यान में रखते हुए विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं।
प्रवीण गुप्ता ने बताया कि रिसाइकिल कपड़ा होने के बावजूद इसकी गुणवत्ता और चमक प्रीमियम स्तर की रहती है। उन्होंने कहा कि सामान्य कपड़े की तुलना में रिसाइकिल फैब्रिक पर प्रिंटिंग करना आसान होता है, क्योंकि इसे पहले से अधिक प्रोसेस किया जाता है। यह कपड़ा यार्न, प्लास्टिक और अन्य वेस्ट मटेरियल से तैयार किया जाता है, जबकि इसकी लागत भी सामान्य कपड़े के बराबर ही रहती है। इसके अलावा यह पर्यावरण के अनुकूल भी है और इसे नष्ट करना भी आसान होता है, इसलिए कंपनी ने रिसाइकिल फैब्रिक का उपयोग करने का निर्णय लिया।
सूरत के व्यापारियों की इस पहल के चलते देशभर के स्टेडियमों में सूरत में तैयार किए गए झंडे लहराते नजर आएंगे। वहीं आर्थिक दृष्टि से भी इस बार आईपीएल सीजन सूरत के टेक्सटाइल उद्योग के लिए राहत लेकर आया है। वैश्विक मंदी और अनिश्चित परिस्थितियों के बावजूद आईपीएल से जुड़े झंडों और टी-शर्ट की मांग में तेजी देखने को मिल रही है।
व्यापारियों के अनुसार, इस आईपीएल सीजन में सूरत के टेक्सटाइल बाजार में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की संभावना है। व्यापारियों ने पहले से ही करोड़ों रुपये का स्टॉक तैयार कर लिया है, ताकि ऑर्डर मिलते ही तुरंत सप्लाई की जा सके। वैश्विक तनाव और आर्थिक मंदी के बीच भी क्रिकेट के प्रति लोगों का उत्साह सूरत के टेक्सटाइल उद्योग के लिए राहत लेकर आया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button