
सूरत। सारोली टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारी से 12,16,933 रुपये की ठगी कर पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को सारोली पुलिस ने वेसू क्षेत्र से धर दबोचा।
मामले में फरियादी विशालकुमार लाभुभाई लाठिया, “राही टेक्स” के प्रोपराइटर हैं, जो दुकान नं. 2011-12, विकास लॉजिस्टिक पार्क टेक्सटाइल मार्केट, सारोली, सूरत में निटिंग कपड़े का व्यापार करते हैं।मामले के अनुसार, दीपक कुमार, प्रोपराइटर, बिहार सिंथेटिक एंड कॉटन मिल्स, चौंसा बक्सर, खिलाफतपुर (बिहार) तथा भरत ब्रिजमोहन तिवारी, वहीवटकर्ता (प्रबंधक) ने मिलकर फरियादी से संपर्क किया और व्यापार शुरू किया। शुरुआत में आरोपियों ने समय पर भुगतान कर विश्वास हासिल किया, जिसके बाद 2 फरवरी 2022 से 15 अप्रैल 2023 के दौरान अलग-अलग बिलों से कपड़ा खरीदकर कुल 12,16,933 रुपये का भुगतान नही किया।
फरियादी द्वारा भुगतान मांगने पर आरोपियों ने अपनी दुकान बंद कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। इस संबंध में सारोली पुलिस स्टेशन में 2 फरवरी 2024 को मामला दर्ज हुआ था।
इसी दौरान पुलिस को तकनीकी जानकारी और ह्यूमन सोर्स के आधार पर फरार आरोपी भरत ब्रिजमोहन तिवारी (उम्र 53 वर्ष) के वेसू स्थित सेंट्रल बाजार शॉपिंग क्षेत्र में होने की सूचना मिली।
इसके बाद एएसआई अजीतभाई ठाकोर, हेड कॉन्स्टेबल संजयभाई वेलजीभाई सहित टीम ने वेसू से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी भरत ब्रिजमोहन तिवारी, निवासी 18 शिवम रेसिडेंसी, भारत पेट्रोल पंप के पास, चलथाण नहर, डिंडोली, सूरत, मूल निवासी ग्राम मंजरीया, पोस्ट अंजोरपुर, थाना नरही, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) है और कपड़ा दलाली का काम करता है।
मामले में दूसरा आरोपी दीपक कुमार, प्रोपराइटर, बिहार सिंथेटिक एंड कॉटन मिल्स, चौंसा बक्सर, खिलाफतपुर (बिहार) अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एस.आर. वेकरिया के नेतृत्व में सर्विलांस पीएसआई एस.आर. राणा, एएसआई अजीतभाई ठाकोर, हेड कॉन्स्टेबल संजयभाई वेलजीभाई और प्रवीणभाई नरवतभाई की टीम ने सराहनीय कार्य किया।



