
सूरत। सारोली की विकास लॉजिस्टिक पार्क मार्केट के कपड़ा व्यापारी से 12,23,787 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले महाराष्ट्र के ठाणे निवासी पिता-पुत्र को सारोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पहले समय पर भुगतान कर व्यापारी का विश्वास जीता और बाद में लाखों रुपये का कपड़ा लेकर भुगतान नहीं किया।
मामले में फरियादी विजयकुमार कन्हैयायलाल, जो “महावीर यार्न प्रा.लि.” कंपनी में फैक्ट्री हेड हैं। सारोली स्थित दुकान नं. 5034/35, विकास लॉजिस्टिक पार्क, कुबेरजी वर्ल्ड के पीछे पॉलिएस्टर फिनिश कपड़े का व्यापार करते हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्लासनगर स्थित “जय भोले एंटरप्राइजेज” के दलाल अशोकलाल श्रीचंद नानवाणी (उम्र 65 वर्ष) तथा व्यापारी विक्की अशोकलाल नानवाणी (उम्र 38 वर्ष) ने आपसी मिलीभगत से फरियादी से संपर्क किया और मीठी-मीठी बातों से व्यापार शुरू किया।
आरोपियों ने शुरुआत में छोटे ऑर्डर देकर समय पर भुगतान किया, जिससे फरियादी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद दलाल अशोक नानवाणी के माध्यम से 25 जनवरी 2021 से 9 जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 21,88,919 रुपये का पॉलिएस्टर फिनिश कपड़ा मंगाया। आरोपियों ने इस राशि में से 9,67,136 रुपये का भुगतान किया, जबकि 12,23,787 रुपये की राशि नहीं चुकाई और फरियादी के साथ धोखाधड़ी की।
इस संबंध में सारोली पुलिस स्टेशन में विजयकुमार ने दलाल व व्यापारी पिता-पुत्र मामला दर्ज करवाया था ।
जांच के दौरान सर्विलांस पीएसआई जे.एन. चौहान और टीम को ह्यूमन सोर्स तथा तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों के महाराष्ट्र के ठाणे जिले में होने की सूचना मिली। इसके बाद एएसआई धनंजयभाई संजयभाई, एचसी प्रकाशभाई प्रेमजीभाई और पुलिस कॉन्स्टेबल मेहुलभाई भूपतभाई की टीम को महाराष्ट्र भेजा गया, जहां से दोनों आरोपियों को अंबरनाथ ईस्ट,ठाणे (महाराष्ट्र) स्थित उनके निवास फ्लैट नं. A/302, न्यू मानसरोवर सोसायटी, मीरा वाटिका सोसायटी के पास, शिव मंदिर के पीछे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दलाल के माध्यम से सूरत के व्यापारियों से संपर्क करते थे, शुरुआत में समय पर भुगतान कर विश्वास जीतते थे और बाद में बड़ी मात्रा में कपड़ा खरीदकर भुगतान नहीं करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य व्यापारियों के साथ हुई संभावित धोखाधड़ी के मामलों की भी जांच कर रही है।



