भारत की विजय के लिए टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने हवन कर की प्रार्थना

सूरत। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भव्य विजय की कामना को लेकर सूरत के रिंग रोड स्थित सोमेश्वरा टेक्सटाइल मार्केट में टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के क्रिकेट प्रेमियों द्वारा विशेष हवन का आयोजन किया गया। हवन में आहुति देकर भारतीय टीम की जीत के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के अध्यक्ष ललित शर्मा ने बताया कि देश का हर क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम को विश्व कप जीतते देखना चाहता है और पूरे देश को टीम से बड़ी उम्मीदें हैं। इसी भावना के साथ टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के सदस्यों, कपड़ा व्यापारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने भारतीय टीम के बड़े बैनर तले आयोजित हवन में आहुति देकर भारत की विजय की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विशाल तिरंगे के साथ भारत माता की जय और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा तथा भारतीय टीम को अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।प
इस अवसर पर सूरत में आजतक के पत्रकार संजयसिंह राठौड़ के जन्मदिन पर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की भी प्रार्थना की गई तथा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। कार्यक्रम में टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के संस्थापक राजू तातेड़, अध्यक्ष ललित शर्मा, सचिव पवन गोडानी, सूरत शॉप ब्रोकर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित शर्मा,अरुण लाहोटी सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।



