पांडेसरा में तेरापंथ महिला मंडल ने मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, सुशीला देवी चिपाड़ को “प्रेरणा सम्मान”

सूरत। पांडेसरा स्थित तेरापंथ महिला मंडल द्वारा शनिवार 7 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें समाज की अनेक महिलाओं की प्रेरक उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत तेरापंथ महिला मंडल की बहनों द्वारा मंगलाचरण से हुई। इसके पश्चात मंडल की अध्यक्षा दीप्ति डांगी ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में महिला स्वाभिमान, आत्मसम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला है।

इस अवसर पर कन्यामंडल एवं युवती मंडल की ओर से भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कन्यामंडल की विश्वा कवादिया ने “महिला अब तो बोलो” विषय पर प्रभावशाली कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की प्रतिष्ठित महिलाओं की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सरिता कुकड़ा उपस्थित रहीं, जो श्री ओल्ड इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस गुजरात महिला शाखा की अध्यक्ष, महावीर इंटरनेशनल वीरा अभिलाषा की अध्यक्ष तथा बीजेएस सूरत की उपाध्यक्ष होने के साथ ही योग प्रशिक्षक एवं स्मार्ट गर्ल ट्रेनर भी हैं। इसके अलावा स्थानकवासी संप्रदाय महिला मंडल, स्थानकवासी संप्रदाय बहू मंडल तथा मेरे महावीर भगवान ग्रुप (एमएमबीजी) चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रतिनिधि बहनों की भी विशेष उपस्थिति रही। ट्रस्ट की ट्रस्टी रचना बाफना भी कार्यक्रम में मौजूद थीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में महिलाओं को जीवन में स्वयं को प्राथमिकता देने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान “प्रेरणा सम्मान” के अंतर्गत मुनि श्री मुकेश मुनि के संसार पक्षीय माताजी श्रीमती सुशीला देवी चिपाड़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन रेखा कवादिया ने किया, जबकि अंत में प्रियंका बाफना ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।




