
सूरत। सारोली रोड पर स्थित निधि टेक्सटाइल मार्केट के बेसमेंट में रविवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सारोली रोड पर राज टेक्सटाइल के पास स्थित निधि टेक्सटाइल मार्केट के बेसमेंट में रविवार सुबह मीटर बॉक्स के पास वायरिंग में किसी कारण से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घना धुआं फैलने लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पांच फायर स्टेशनों से लगभग दस दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। धुआं अधिक होने के कारण फायरकर्मियों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर करीब दो से ढाई घंटे तक लगातार प्रयास किया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे दुकानों और ऊपरी मंजिलों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
आग की घटना में लगभग पंद्रह मीटर, वायरिंग, लकड़ी की पट्टियां और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है।




