महावीर इंटरनेशनल मॉडल टाउन शाखा के त्रिदिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ
बी. जे. पटेल ग्राउंड, सूरत में सेवा, खेल भावना और सामाजिक एकता का संदेश

सूरत। सेवा, खेल भावना और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली महावीर इंटरनेशनल की मॉडल टाउन शाखा (MIPL–5) द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ आज बी. जे. पटेल ग्राउंड, सूरत में हुआ। पिछले दस वर्षों से मॉडल टाउन शाखा सेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करती आ रही है और सेवा के साथ-साथ खेलों को जीवन से जोड़ते हुए धैर्य, आत्मविश्वास,अनुशासन एवं टीमवर्क जैसे मूल्यों को समाज में मजबूत करने का कार्य कर रही है।


खेलों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और सामूहिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। उद्घाटन अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के अपेक्स ट्रस्टी वीर गणपत भंसाली, रीजन-8 के वाइस प्रेसिडेंट वीर सुरेंद्र मरोठी, इंटरनेशनल डायरेक्टर संदीप डांगी, गुजरात ज़ोन चेयरपर्सन निशा सेठिया,फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हकीम, वर्धमान ग्रुप से प्रकाश मुथा, विश्व हिंदू परिषद के विक्रम सिंह भाटी,अचलगच्छ जैन श्री संघ अध्यक्ष रतन वडेरा,लायंस क्लब (कैंसर विभाग) के सेक्रेटरी अशोक मेहता, कृष्ण मुरारी,वीरा दृष्टि सचिव स्मृति जैन सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य अतिथि,स्पॉन्सर्स तथा महावीर इंटरनेशनल के वीर-वीराएं गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इसके पश्चात खेलों में भाग ले रही सभी 12 टीमों ने आकाश में गुब्बारे उड़ाकर शांति एवं सद्भावना का संदेश दिया तथा राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति कर्तव्यबोध व्यक्त किया। मॉडल टाउन शाखा के अपेक्स के पूर्व पदाधिकारी रमेश बोहरा,भरत सिंघवी, गणपत भंसाली तथा वर्तमान अध्यक्ष वीर हरीश धारीवाल एवं जितेंद्र संखलेचा के कुशल संयोजन में यह आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न हो रहा है। सभी पदाधिकारियों ने महावीर इंटरनेशनल के मूल मंत्र “सब की सेवा, सब को प्यार — जियो और जीने दो” को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने और सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।



