
गुजरात भर से 250 अधिकारियों का काफिला जुड़ा,रियल स्टेट में निवेश की जांच
अहमदाबाद। गुजरात में इनकम टैक्स विभाग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार तड़के अहमदाबाद स्थित प्रसिद्ध टेक्सटाइल कारोबारी विनोद मैन्युफैक्चरिंग ग्रुप के विरुद्ध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 ठिकानों पर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर सहित राज्य के व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन में गुजरातभर से लगभग 250 इनकम टैक्स अफसरों का बड़ा दस्ता शामिल हुआ है। विनोद ग्रुप के प्रमुख निदेशक विनोद मित्तल, धवल मित्तल के आवास, एस.जी. हाईवे और पीपलज स्थित कार्यालयों सहित कई महत्वपूर्ण परिसरों पर तड़के ही रेड डाली गई।माना जा रहा है कि टेक्सटाइल कारोबार के अलावा ग्रुप द्वारा रियल एस्टेट सेक्टर में किए गए भारी निवेश की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक संकेतों के मुताबिक, अधिकारियों को बेनामी लेनदेन और संदिग्ध दस्तावेजों से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
राजकोट समेत अन्य शहरों से भी इनकम टैक्स टीमों को बुलाकर इस संयुक्त अभियान में लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि डॉक्यूमेंट्स की गहन पड़ताल तीन-चार दिन तक जारी रह सकती है। दिवाली से पहले इतने बड़े टेक्सटाइल ग्रुप पर कार्रवाई होने से उद्योग जगत में चर्चा का माहौल छाया है।सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस छापे से जुड़े कई बड़े खुलासे और संभावित कर चोरी के प्रमाण सामने आ सकते हैं।




