महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि का स्थापना दिवस पखवाड़ा संपन्न
15 दिवसीय सेवा अभियान का प्रेरणादायी समापन, दिव्यांग बच्चों की सेवा के साथ दिया समाजसेवा का संदेश

सूरत। महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि, सूरत द्वारा स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय सेवा अभियान का बुधवार को विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के साथ प्रेरणादायी समापन हुआ। सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को समर्पित इस अभियान के दौरान दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद परिवारों तथा जीव-जंतुओं की सेवा कर समाज के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

समापन अवसर पर पीपलोद स्थित दिव्यांग चैरिटेबल ट्रस्ट में पद्मश्री डॉ. कन्नूभाई टेलर की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों को स्टेशनरी, स्कूल बैग, पुस्तकें एवं पौष्टिक भोजन वितरित किया गया। साथ ही उनके सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जीवन कौशल, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं सेल्फ हीलिंग जैसे विषयों पर प्रेरक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
महावीर इंटरनेशनल वीरादृष्टि के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान लगातार 15 दिनों तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन कर समाज के विभिन्न वर्गों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया। संस्था ने भविष्य में भी सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।




