
सूरत। शहर में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (फोस्टा) ने बुधवार, 8 जुलाई 2026 को सूरत के सभी कपड़ा मार्केट पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया है।
फोस्टा ने सभी मार्केट अध्यक्षों, सचिवों, मैनेजरों एवं व्यापारीबंधुओं से अपील की है कि वे इस निर्णय का पालन करते हुए अपनी एवं अन्य व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
फोस्टा ने स्पष्ट किया है कि जिन व्यापारियों की दुकानें बेसमेंट अथवा लोअर ग्राउंड फ्लोर में स्थित हैं या जिन्हें माल की सुरक्षा के लिए उसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित करना आवश्यक हो अथवा किसी अत्यावश्यक दस्तावेज़ संबंधी कार्य के लिए दुकान खोलनी पड़े, वे संबंधित मार्केट एसोसिएशन की पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद ही दुकान खोलें। साथ ही सभी मार्केट एसोसिएशनों से ऐसे मामलों में व्यापारियों को आवश्यक सहयोग देने का अनुरोध किया गया है।
फोस्टा भी व्यापारियों को सलाह दी है कि यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो जलभराव की स्थिति में दुकान पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर रहें। जिन मार्केटों के बेसमेंट या परिसर में पानी भरने की संभावना है, वहाँ समय रहते सुरक्षा एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभावित जलभराव को देखते हुए पानी निकासी के पर्याप्त साधन पहले से तैयार रखें ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
व्यापारियों से बेसमेंट में वाहन पार्क नहीं करने, अपने मार्केट के अध्यक्ष, सचिव, मैनेजर तथा आसपास के व्यापारियों के मोबाइल नंबर अपने पास सुरक्षित रखने, बेसमेंट स्थित दुकानों में माल को ऊँचे एवं सुरक्षित स्थान पर रखने तथा लैपटॉप, कंप्यूटर, स्विच बोर्ड एवं अन्य विद्युत उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।
फोस्टा ने मार्केट प्रबंधन एवं व्यापारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने, किसी भी आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहकर एक-दूसरे की सहायता करने तथा सभी मार्केटों में जनरेटर सेट की समय रहते जांच सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।
फोस्टा ने कहा है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तथा परिस्थितियों की समीक्षा के बाद अगली सूचना सभी व्यापारीबंधुओं को समयानुसार जारी की जाएगी। संगठन ने सभी व्यापारियों से सुरक्षित रहने, सतर्क रहने एवं एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की है।




