
सूरत। सारोली पुलिस ने कपड़ा व्यापारी के साथ 11,60,244 रुपये की धोखाधड़ी और व्यापारिक विश्वासघात के मामले में राजस्थान के तीन व्यापारियों और सूरत के एक कपड़ा दलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सारोली पुलिस ने दो आरोपियों को भीनमाल से गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनेशभाई हरिचंद्र अग्रवाल (59), निवासी बी/604, नंदनवन-2, वेसू-आभवा रोड, सूरत, आरकेएलपी टेक्सटाइल मार्केट, सारोली स्थित दुकान नंबर-4, अपर ग्राउंड में ‘योगी फैब’ तथा ‘शिवनमन फैशन’ नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं। दोनों फर्मों का खरीद-बिक्री और बिल कलेक्शन का कार्य वही संभालते हैं।
वर्ष 2022 में कपड़ा दलाल अशोक राजपुरोहित, निवासी तीसरी मंजिल, साकार अपार्टमेंट, एम.एम. टेलर के पास, बेगमपुरा, सूरत, ने स्वयं को आदिनाथ एजेंसी का दलाल बताते हुए कहा कि उसकी राजस्थान में कई व्यापारिक पार्टियां हैं। उसने भरोसा दिलाया कि उसके माध्यम से भेजे गए कपड़े का भुगतान बाजार की परंपरा के अनुसार 30 दिन में हो जाएगा और इसके बदले 2 प्रतिशत कमीशन मांगा।
दलाल के भरोसे पर व्यापारी ने भरतसिंह मदनसिंह, संचालक शिवशक्ति क्लॉथ स्टोर, निवासी बरवाला गांव, तहसील सांचौर(राजस्थान) को ‘शिवनमन फैशन’ से 11 मार्च 2023 से 20 मई 2023 के बीच 5,47,340 रुपये तथा ‘योगी फैब’ से 31 जनवरी 2023 से 15 मई 2023 के बीच 3,46,421 रुपये का कपड़ा भेजा। इस प्रकार दोनों फर्मों से कुल 8,93,761 रुपये का माल सप्लाई किया गया, लेकिन एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
इसके बाद दलाल अशोक राजपुरोहित के कहने पर व्यापारी ने धनराज सोलंकी तथा विकास कुमार सोलंकी, संचालक श्री क्षेमकरी टेक्सटाइल, निवासी नेहरू मार्केट, भीनमाल, तहसील भीनमाल, जिला जालोर (राजस्थान) को भी उधार में कपड़ा भेजा। शिकायत के अनुसार ‘शिवनमन फैशन’ से 28 अक्टूबर 2023 से 23 नवंबर 2023 के बीच 1,00,521 रुपये तथा ‘योगी फैब’ से 7 नवंबर 2023 से 2 दिसंबर 2023 के बीच 1,65,962 रुपये का कपड़ा सप्लाई किया गया। इस तरह दोनों फर्मों से कुल 2,66,483 रुपये का माल भेजा गया।
माल प्राप्त करने के बाद सभी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया। बार-बार फोन करने पर कभी कॉल नहीं उठाई गई और कभी पैसे नहीं होने का बहाना बनाकर टालमटोल किया जाता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने पर कुल 11,60,244 रुपये नही चुकाए।
सूत्रों के अनुसार धनराज सोलंकी, विकास कुमार सोलंकी, भरतसिंह मदनसिंह और कपड़ा दलाल अशोक राजपुरोहित ने आपस में मिलीभगत कर मीठी-मीठी बातों से विश्वास में लेकर लाखों रुपये का कपड़ा मंगाया और बाद में भुगतान किए बिना व्यापारी के साथ धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात किया।
सारोली पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सारोली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुवे भीनमाल से क्षेमकारी टेक्सटाइल के मालिक धनराज सोलंकी एवं शिवशक्ति क्लॉथ स्टोर के मालिक भरतसिंह को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।जबकि दलाल अशोक पुरोहित व विकास सोलंकी की तलाश जारी है।मामले की जांच पीएसआई एस.बी. नुकम कर रहे है।



