businessTextileसूरत सिटी

AI और सरकारी योजनाओं को अपनाकर व्यापार बढ़ाएं, समय के साथ खुद को अपडेट करें: प्रवीण खंडेलवाल

SGCCI-CAIT के संयुक्त सेमिनार में व्यापारियों को आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और इंडियन ट्रेड फेस्टिवल 2026 की दी गई जानकारी

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) तथा कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के गुजरात चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में सरसाना स्थित उषाकांत मारफतिया हॉल में ‘ट्रेड और इंडस्ट्री को मजबूत करना: सरकारी योजनाएं, बिजनेस डेवलपमेंट और नए अवसर’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत SGCCI के अध्यक्ष अशोक जीरावाला के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि भारत के आर्थिक विकास में व्यापार और उद्योग की अहम भूमिका है। केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाएं और नीतियां लागू की गई हैं, जिनकी जानकारी लेकर व्यापारी अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं।

मुख्य वक्ता प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वैश्विक व्यापार तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) आधारित तकनीकों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन देश के करीब 90 प्रतिशत व्यापारी अभी भी इन तकनीकों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए व्यापारियों को डिजिटल टूल्स और नई तकनीकों को अपनाना होगा।

उन्होंने व्यापारियों को मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, लखपति दीदी योजना और डिजी सखी योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा टेक्सटाइल उद्यमियों से प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार भविष्य में ‘वन ट्रेड, वन लाइसेंस’ व्यवस्था लागू करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, जिससे व्यापारिक प्रक्रियाएं और सरल होंगी।

प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि CAIT और ITPO के संयुक्त सहयोग से 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडियन ट्रेड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसमें सूरत के टेक्सटाइल उद्योग ने लगभग 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्टॉल बुक किए हैं। फेस्टिवल में 40 से अधिक देशों के उद्योगपति और व्यापारिक प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे भारतीय व्यापारियों को वैश्विक बाजार से जुड़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, टेक्सटाइल टास्क फोर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं चेयरमैन आशीष गुजराती, CAIT गुजरात के अध्यक्ष प्रमोद भगत सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा मनोज अग्रवाल ने प्रस्तुत की, संचालन मितेश शाह ने किया तथा अंत में मानद मंत्री परेश लाठिया ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button