मानसी फैशन के नाम पर सोशल मीडिया ठगी, फर्जी फेसबुक पेज बनाकर ग्राहकों से लाखों की धोखाधड़ी
इंस्टाग्राम रील्स कॉपी कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई, एडवांस लेकर ग्राहकों से ठगी; व्यापारी ने दर्ज कराई शिकायत

सूरत। सरथाना क्षेत्र स्थित मानसी फैशन के नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठगों ने मानसी फैशन की आधिकारिक इंस्टाग्राम रील्स को कॉपी कर फर्जी फेसबुक आईडी पर अपलोड किया और ग्राहकों से ऑर्डर के नाम पर एडवांस राशि वसूलकर माल भेजे बिना फरार हो गए। इस धोखाधड़ी से व्यापारी को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भावनगर निवासी एवं वर्तमान में सरथाना जकातनाका स्थित मैरी गोल्ड रेजिडेंसी में रहने वाले दीपक लाखाभाई चोडवडिया सरथाना जकातनाका स्थित अवध वाइसरॉय कॉम्प्लेक्स की दुकान नंबर 115-116 में मानसी फैशन के नाम से कपड़ों का कारोबार करते हैं। कारोबार के प्रचार के लिए वे “Mansi Fashion 7080” नाम से आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतिदिन कपड़ों की रील्स और स्टोरी पोस्ट करते हैं।
पिछले करीब डेढ़ महीने से अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी रील्स कॉपी कर मानसी फैशन के नाम से फर्जी फेसबुक पेज बनाकर ग्राहकों से ऑर्डर लेना शुरू कर दिया। आरोपी ग्राहकों से एडवांस भुगतान प्राप्त करने के बाद माल की डिलीवरी नहीं करते थे। ग्राहकों की शिकायत मिलने पर जांच में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
इसके बाद दीपक चोडवडिया ने पहले साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और फिर सरथाना पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज कराया। मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर डी.के. पटेल कर रहे हैं।




