businessTextileसूरत सिटी

फोस्टा चुनाव में 42 नामांकन दाखिल, गोल्ड श्रेणी में होगा मुकाबला

41 निदेशक पदों के लिए 42 दावेदार मैदान में, 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच और वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी

सूरत। 75 हजार से अधिक टेक्सटाइल व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। सोमवार को नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया के पहले दिन विभिन्न श्रेणियों से कुल 42 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन दाखिल किए।

फोस्टा चुनाव कार्यालय में दोपहर 2 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया के दौरान प्लेटिनम श्रेणी से 21, डायमंड श्रेणी से 13 तथा गोल्ड श्रेणी से 8 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। कुल 41 निदेशक पदों के लिए 42 उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार प्लेटिनम श्रेणी के 21 पदों के लिए 21 तथा डायमंड श्रेणी के 13 पदों के लिए 13 नामांकन प्राप्त हुए हैं। वहीं गोल्ड श्रेणी के 7 पदों के मुकाबले 8 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में फिलहाल केवल गोल्ड श्रेणी में सीधा चुनावी मुकाबला होने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।

नामांकन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल की उपस्थिति और निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। तीनों चुनाव अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की।

निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा उसी दिन शाम 6 बजे फोस्टा कार्यालय में वैध उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को 13 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम उम्मीदवार सूची जारी की जाएगी।

यदि किसी श्रेणी में आवश्यक हुआ तो 20 जून 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रिंग रोड स्थित मिलेनियम मार्केट में मतदान कराया जाएगा। फोस्टा चुनाव को लेकर व्यापारिक जगत में उत्साह का माहौल है और सभी की निगाहें अब नामांकन जांच और अंतिम उम्मीदवार सूची पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button