भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ श्री खेड़ापति बालाजी सेवा समिति का 30वां वार्षिक महोत्सव
भजन संध्या, छप्पन भोग, पुष्प वर्षा और रामलला की अलौकिक झांकी बने आकर्षण का केंद्र

सूरत। श्री खेड़ापति बालाजी सेवा समिति द्वारा आयोजित 30वां वार्षिक महोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। सिटीलाइट स्थित देवसर माता मंदिर के बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बालाजी महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4:15 बजे बालाजी महाराज की ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। देर रात 11 बजे तक चले इस धार्मिक आयोजन में भजन संध्या मुख्य आकर्षण रही। स्थानीय भजन गायकों राकेश अग्रवाल, अमित दाधीच एवं मनीष सिंगड़ोदिया ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया। “म्हारा रे बालाजी खेड़ापति वाला…” और “छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नाचते-झूमते नजर आए।

महोत्सव के दौरान अखंड ज्योत, छप्पन भोग, पुष्प वर्षा, इत्र फुहार तथा रामलला की अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन में लक्की ड्रॉ के माध्यम से ‘बाबा का खजाना’ भी खोला गया, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
दांता से पधारे पुजारी रामप्रकाश दाधीच के सान्निध्य में सम्पन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।



