businessTextileक्राइमसूरत सिटी

साईं कृपा टेक्सटाईल मार्केट के व्यापारी ने दलालों के साथ मिलकर की 2.93 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

“जय जीन फैब” संचालक नितेश सांवरमल अग्रवाल व दलाल विशाल पंचोली फरार,सलाबतपुरा और अमरोली थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज

कपड़ा दलाल विशाल शर्मा उर्फ टोनू शर्मा की भूमिका भी जांच के घेरे में,सुनियोजित तरीके से करोड़ों का माल उधार लेकर की ठगी

दलाल विशाल पंचोली उर्फ टोनू शर्मा

सूरत। शहर के टेक्सटाइल उद्योग में करोड़ों रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साईं दर्शन मार्केट स्थित “जय जीन फैब” फर्म के संचालक नितेश सांवरमल अग्रवाल ने दलालों की मदद से एम्ब्रॉयडरी कारखानेदारों और साड़ी कपड़ा व्यापारियों से माल व जॉबवर्क करवाकर भुगतान किए बिना ठगी कर फरार हो जाने से मार्केट में चर्चा का बाजार गर्म है।

आरोपी के खिलाफ अब तक दो अलग-अलग पुलिस थानों में FIR दर्ज हो चुकी हैं। पहली FIR सलाबतपुरा पुलिस थाने में 1.52 करोड़ रुपये की कथित कपड़ा ठगी को लेकर दर्ज हुई है, जबकि दूसरी FIR अमरोली पुलिस थाने में 1.41 करोड़ रुपये की एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क ठगी को लेकर दर्ज कराई गई है।

दोनों मामलों में मुख्य आरोपी “जय जीन फैब” का संचालक नितेश सांवरमल अग्रवाल है। पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर सुनियोजित आर्थिक अपराध और संगठित धोखाधड़ी के एंगल से जांच कर रही है। मार्केट में चर्चा है कि आरोपी ने दलालों के माध्यम से पहले बाजार में विश्वास कायम किया और बाद में करोड़ों रुपये का माल उठाकर फरार हो गया।

पहली FIR : सलाबतपुरा पुलिस थाने में 1.52 करोड़ की कपड़ा ठगी

सबसे पहले सलाबतपुरा पुलिस थाने में “जय जीन फैब” के खिलाफ 1,52,71,328 रुपये की कथित ठगी का मामला दर्ज हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सरथाणा जकातनाका स्थित विशाल नगर सोसायटी निवासी विनय रमेशभाई इटालिया, जो रिंगरोड स्थित कोहिनूर मार्केट की दुकान नं. C/2437-2442 में “पहल फैशन” नाम से साड़ी कपड़े का व्यापार करते हैं,विनय इटालिया ने सलाबतपुरा पुलिस थाने में मामला रज करवाया है

सूत्रों के अनुसार साईं दर्शन मार्केट स्थित यू.जी./32-33 में “जय जीन फैब” फर्म संचालित करने वाले व्यापारी नितेश सांवरमल अग्रवाल ने कपड़ा दलाल विशाल शर्मा उर्फ टोनू शर्मा के माध्यम से 28 फरवरी 2026 से 1 मई 2026 के दौरान विभिन्न व्यापारियों से उधार में साड़ी कपड़े का माल खरीदा था।

व्यापारियों को भरोसा दिलाया गया कि तय समय पर भुगतान कर दिया जाएगा। शुरुआत में छोटे स्तर पर लेन-देन कर बाजार में विश्वास बनाया गया। बाद में बड़े स्तर पर माल उठाया गया।

आरोप है कि आरोपी ने करोड़ों रुपये का माल खरीदने के बाद भुगतान नहीं किया और अचानक दुकान बंद कर मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर फरार हो गया।

शिकायत में कहा गया है कि विशाल पंचोली उर्फ टोनू शर्मा ने “जय जीन फैब” की बाजार में मजबूत साख बताकर कई व्यापारियों को उधार में माल देने के लिए तैयार किया था। व्यापारियों का आरोप है कि विशाल पंचोली और नितेश अग्रवाल ने सुनियोजित तरीके से बाजार में भरोसा कायम कर करोड़ों रुपये की कथित ठगी को अंजाम दिया।
सलाबतपुरा पुलिस ने व्यापारी विनय इटालिया की शिकायत के आधार पर आरोपी नितेश सांवरमल अग्रवाल तथा कपड़ा दलाल विशाल शर्मा उर्फ टीनू शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(4) और 54 के तहत अपराध दर्ज किया है।मामले की जांच पीएसआई एम.एच. झाला कर रहे हैं।

सलाबतपुरा FIR में शामिल व्यापारियों का विवरण

1.विनय रमेशभाई इटालिया – “पहल फैशन” : ₹16.82 लाख

2.अनिलभाई हिम्मतभाई राजाणी – “श्री रंग टेक्सटाइल” : ₹18.50 लाख

3.जेरामभाई देवजीभाई पावसिया – “संकल्प टेक्स” : ₹2.71 लाख

4.मातंग जयेशभाई काकडिया – “श्रीपति सिंथेटिक्स” : ₹39.44 लाख

5.पियूषभाई वशरामभाई गांगाणी – “जय भोले फैब” : ₹21.48 लाख

6.जितेश परसोत्तमभाई कयाडा – “ओमकार फैब” : ₹17.02 लाख

7.अश्विनभाई वल्लभभाई सीतापरा – “मां क्रिएशन” : ₹4.84 लाख

8.पंकज रमेशकुमार गुप्ता – “वंशिका फैब्रिक्स” : ₹25.03 लाख

9.परेशभाई अमरशीभाई मांगुकिया – “मारुति क्रिएशन” : ₹6.84 लाख

कुल कथित ठगी : ₹1,52,71,328

दूसरी FIR : अमरोली पुलिस थाने में 1.41 करोड़ की एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क ठगी

सलाबतपुरा में मामला दर्ज होने के बाद अब अमरोली पुलिस थाने में भी “जय जीन फैब” के खिलाफ दूसरी बड़ी FIR दर्ज हुई है।

इस मामले में मूल गांव कुंभण, तहसील पालिताणा, जिला भावनगर निवासी तथा वर्तमान में बी-1001, शिक्षापत्री हाइट्स, सृष्टि हाउस के पास, अमरोली निवासी पवन धीरुभाई चांदपरा ने शिकायत दर्ज कराई है।

पवन चांदपरा “सियाराम एम्ब्रो आर्ट” नाम से देवम एम्ब्रो पार्क, अमरोली में वर्ष 2019 से एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क का व्यवसाय करते हैं।

शिकायत के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले उनकी पहचान दलाल सुरेशभाई लाखणकिया से हुई थी। बाद में सुरेशभाई ने उनकी मुलाकात साईं दर्शन मार्केट के यूजी-32-33 में “जय जीन फैब” नाम से व्यापार करने वाले नितेश सांवरमल अग्रवाल से करवाई।
बताया गया है कि नितेश अग्रवाल का गोदाम श्रीराम आर्केड, तेरापंथ भवन के सामने, आंजणा फार्म क्षेत्र में स्थित था।

मुलाकात के दौरान नितेश अग्रवाल ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए कहा कि वह वर्षों से ग्रे कपड़ा, एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क, डायमंड स्टोन व सिलाई टीचिंग का व्यापार करता है और समय पर भुगतान करता है।

शुरुआत में छोटे भुगतान समय पर करके बाजार में भरोसा कायम किया गया। इसके बाद विभिन्न एम्ब्रॉयडरी यूनिटों और कारखानेदारों से बड़े स्तर पर साड़ियों पर एम्ब्रॉयडरी, डायमंड स्टोन और सिलाई का काम करवाया गया।

पवन चाँदपरा ने दिनांक 14 नवंबर 2025 से 5 मई 2026 के बीच करीब 48,06,373 रुपये का माल तैयार कर 45 से 120 दिनों की उधारी पर दिया था। भुगतान की समय सीमा पूरी होने के बाद जब व्यापारी पैसे लेने पहुंचे तो दुकान बंद मिली और आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे।

इस पूरे मामले में दलाल सुरेशभाई लाखणकिया और मुकेशभाई पोपटभाई बल्लर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। आरोप है कि दोनों ने बाजार में “जय जीन फैब” की साख मजबूत बताते हुए व्यापारियों को जॉबवर्क दिलवाया।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन दलालों की भूमिका केवल मध्यस्थ की थी या वे कथित साजिश का हिस्सा भी थे। मामले की जांच पीएसआई जे जी कामलिया कर रहे है।

अमरोली FIR में एम्ब्रॉयडरी कारखानेदारों की बकाया सूची

फरियादी का बकाया

सियाराम एम्ब्रो आर्ट – पवन धीरुभाई चांदपरा : ₹48,06,373

अन्य व्यापारियों की कथित बकाया राशि

1. श्री चेहर क्रिएशन – ₹10,04,786/-

2. श्रीहरी क्रिएशन – ₹8,65,000/-

3. मा कृपा क्रिएशन – ₹10,40,360/-

4. खोडल क्रिएशन – ₹2,30,000/-

5. श्री कष्टभंजन क्रिएशन – ₹2,51,370/-

6. महादेव क्रिएशन – ₹14,47,508/-

7. महाकाली फैशन – ₹4,06,880/-

8. पर्व एंटरप्राइजेज – ₹3,04,167/-

9. रामेश्वर एंटरप्राइजेज – ₹4,74,055/-

10. आर.के. एंटरप्राइजेज – ₹2,91,615/-

11. खोडियार एंटरप्राइजेज – ₹1,20,546/-

12. बहुचर फैशन – ₹5,35,000/-

13. नीलमाधव फैशन – ₹9,82,736/-

14. हेत फैशन – ₹1,04,562/-

15. जय अंबे क्रिएशन – ₹3,50,826/-

16. मीरा क्रिएशन – ₹4,81,820/-

17. धूमी क्रिएशन – ₹3,02,038/-

18. विहळ क्रिएशन – ₹1,51,132/-
कुल कथित बकाया राशि : ₹1,41,50,984/-

*राजस्थान के खंडेला का निवासी बताया जा रहा आरोपी*

सूत्रों के मुताबिक आरोपी नितेश सांवरमल अग्रवाल व दलाल विशाल पंचोली उर्फ टोनू शर्मा मूल रूप से राजस्थान के खंडेला क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। मार्केट में चर्चा है कि आरोपी ने दलालों के माध्यम से पहले छोटे स्तर पर समय पर भुगतान कर भरोसा बनाया और बाद में सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपये का माल उठाकर फरार हो गये।

व्यापारियों का आरोप है कि यह पूरी ठगी पूर्व नियोजित तरीके से की गई। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा क्या इसमें अन्य सहयोगियों की भी भूमिका थी।
दोनों FIR को मिलाकर अब तक 2.93 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी सामने आ चुकी है। घटना के बाद सूरत टेक्सटाइल मार्केट में भारी चिंता और भय का माहौल है।

पीड़ित कारखानेदारो ने कहा कि पुलिस जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हमें न्याय दिलाएगी।मार्केट सूत्रों के अनुसार अभी कई व्यापारी सामने आ सकते हैं जिनके साथ दलालों के मार्फत माल खरीद कर बड़े पैमाने पर ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आर्थिक अपराध, विश्वासघात और संगठित धोखाधड़ी के विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button