प्रधानमंत्री की ईंधन बचत अपील को सूरत मनपा का समर्थन, कर्मचारियों के लिए कार पूलिंग मॉडल लागू
ईंधन बचत के लिए सूरत मनपा की बड़ी पहल, 29 हजार कर्मचारी निभाएंगे जिम्मेदारी

रोड सफाई मशीनों से लेकर बीआरटीएस और सिटी बसों तक 4 हजार वाहनों में बचत के लिए विशेष योजना
सूरत। प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा हाल ही में की गई ईंधन बचत और ग्रीन गवर्नेंस की अपील के बाद Surat Municipal Corporation ने बड़े स्तर पर ईंधन बचत अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मनपा आयुक्त एम. नागराजन की अध्यक्षता में तापी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई।
म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन ने बताया कि मनपा के सफाई कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक करीब 29 हजार कर्मचारी स्वेच्छा से ईंधन बचत अभियान से जुड़ेंगे। कार्यालय और फील्ड विजिट के दौरान कर्मचारी तीन से चार लोगों की टीम बनाकर कार पूलिंग के माध्यम से आवागमन करेंगे। इसके साथ ही कार्य और रूट मैनेजमेंट में सुधार कर निजी वाहनों के उपयोग को कम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोड सफाई मशीनों, सिटी बसों, बीआरटीएस सहित मनपा के लगभग 4 हजार वाहनों में भी ईंधन बचत के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। वर्तमान सेंट्रल वर्कशॉप और सेंट्रल डिपो व्यवस्था के स्थान पर विकेंद्रीकृत व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि वाहनों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े। इससे प्रतिदिन प्रति वाहन लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर तक ईंधन की बचत संभव होगी।
कमिश्नर ने कहा कि मनपा हर स्तर पर ईंधन के न्यूनतम उपयोग और उसके बेहतर प्रबंधन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही इस व्यवस्था को लंबे समय तक जारी रखने की तैयारी भी की जा रही है।गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और वैश्विक ईंधन संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से बिजली और ईंधन बचत के साथ ग्रीन गवर्नेंस अपनाने की अपील की थी। उन्होंने डिजिटलीकरण और आधुनिक तकनीक के उपयोग से समय, मानव श्रम और ईंधन की बचत करने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए प्रयास बढ़ाने पर जोर दिया था।




