
सूरत। शहर के व्यापारिक और औद्योगिक जगत में चर्चित साउथ गुजरात चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री( चेम्बर)के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में रवि राज देसाई ने भारी बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की। चुनाव परिणाम में उनके प्रतिद्वंद्वी नितिन भरूचा को करारी हार का सामना करना पड़ा, वहीं उनकी जमानत भी जब्त हो गई।
चुनाव में कुल 2505 मत डाले गए थे, जिनमें से 18 मत रद्द घोषित किए गए। इस प्रकार कुल 2487 वैध मतों की गणना में रवि राज देसाई को 1887 मत प्राप्त हुए, जबकि नितिन भरूचा को मात्र 599 मत ही मिल सके। भारी अंतर से मिली इस जीत के बाद व्यापारिक समुदाय में रवि राज देसाई के प्रति मजबूत समर्थन को लेकर व्यापक चर्चा रही।

सूत्रों के अनुसार, चुनाव से पूर्व उपाध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर मंथन हुआ था। नितिन भरूचा और नवलोहिया के नामों पर भी सहमति बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन अंततः सभी पक्षों को स्वीकार्य उम्मीदवार के रूप में रवि राज देसाई के नाम पर सहमति बनी।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने रवि राज देसाई को शुभकामनाएं देते हुए उनसे चैंबर की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी तथा व्यापारी हितों के अनुरूप आगे बढ़ाने की अपेक्षा व्यक्त की।



