businessTextileलोकल न्यूज़सूरत सिटी

सूरत मेट्रो कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस आयुक्त ने जारी किया अस्थायी आदेश

सूरत | सूरत शहर में गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मेट्रो रेल निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत ने अस्थायी अधिसूचना जारी कर ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की घोषणा की है।

जारी आदेश के अनुसार, सूरत मेट्रो परियोजना के तहत रिंग रोड फ्लाईओवर ब्रिज पर पियर कैप निर्माण कार्य के लिए अधिसूचना जारी होने की तिथि से अगले 62 दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव लागू रहेगा।

इस दौरान मानदरवाजा रिंग रोड ओवरब्रिज से सहारा दरवाजा और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मार्ग भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं एलएमवी (हल्के मोटर वाहन) और दोपहिया वाहन चालकों के लिए फालसावाड़ी से मानदरवाजा तथा बॉम्बे मार्केट से मानदरवाजा आने वाला ओवरब्रिज दिन के समय चालू रहेगा।

हालांकि, फालसावाड़ी से मानदरवाजा जाने वाला ओवरब्रिज एलएमवी और दोपहिया वाहनों के लिए सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक ही खुला रहेगा। रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक यह मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।

पुलिस ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। सहारा दरवाजा और रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले वाहन रिंग रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित सड़क का उपयोग कर सकेंगे। कडोदरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को परवत पाटिया ब्रिज के नीचे से केशवनगर (कबूतर सर्कल), आंजणा फार्म ब्रिज, साईं मेडिकल, किन्नरी सिनेमा तीन रास्ता होते हुए मानदरवाजा की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा आंजणा ब्रिज, भाठेना ओवरब्रिज और रोकड़िया हनुमान पांच रास्ता होकर उधना दरवाजा पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग भी तय किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मेट्रो निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button