उधना रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी, पुलिस का लाठीचार्ज

उधना रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी, पुलिस का लाठीचार्
सूरत :गर्मी की छुट्टियों और सूरत के औद्योगिक इकाइयों में लंबी छुट्टी घोषित होने के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक अपने वतन लौटने के लिए निकल पड़े। इसी के चलते सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मुसाफिरों की संख्या के मुकाबले ट्रेनों की कमी के कारण उधना रेलवे स्टेशन का माहौल रणभूमि जैसा बन गया। करीब 6 घंटे तक भूखे-प्यासे लंबी लाइनों में खड़े रहने के बावजूद एंट्री नहीं मिलने से वहां अफरातफरी मच गई। कई श्रमिक रेलिंग कूदकर अंदर जाने की कोशिश करते नजर आए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
पानी के लिए भी यात्रियों में होड़ मच गई। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। स्टेशन के बाहर करीब 4 किलोमीटर लंबी कतार देखी गई। 7000 से अधिक यात्रियों की भीड़ के सामने केवल दो ट्रेनों की व्यवस्था थी।

भीषण गर्मी और भीड़ के कारण कई श्रमिक लाइन में ही बेहोश हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे पुलिस और सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन द्वारा बाद में पीने के पानी की व्यवस्था की गई, लेकिन पानी की बोतल लेने के लिए भी लोगों में छीना-झपटी देखने को मिली।
रेलवे अधिकारी दीपक गौड़े ने बताया कि यात्रियों की संख्या ट्रेनों की तुलना में काफी ज्यादा है। लोगों को पहले समझाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने अपील की कि भीषण गर्मी के दौरान महिलाएं और बच्चों के साथ यात्रा करने से बचें तथा संभव हो तो इस समय यात्रा टालें।
वहीं, यात्रियों का आरोप है कि हर साल ऐसी स्थिति बनती है, इसके बावजूद रेलवे और प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जाती। लंबी लाइन में लगने के बाद भी ट्रेन में जगह न मिलने से लोग बाउंड्री कूदकर चढ़ने को मजबूर हो गए।



