सामाजिक/ धार्मिक

सूरत में धूमधाम से मनाया गया “गणगौर महाराज राजस्थान री शान” समारोह

सूरत – अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में सूरत महिला मंडल द्वारा सिटी लाइट स्थित तेरापंथ भवन में “गणगौर महाराज राजस्थान री शान” समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। मंडल की अध्यक्ष प्रतिक्षा बोथरा ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों और सदस्यों का अभिनंदन किया। समारोह में शामिल महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सोलह श्रृंगार और हाथों में सजी मेहंदी के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे पूरा वातावरण रंगारंग और सांस्कृतिक बन गया। सभी का कुमकुम तिलक से स्वागत किया गया।
गणगौर पर्व पर आधारित लोकगीत, लघु नाटिका और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए आकर्षक स्टॉल भी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर “बेस्ट ड्रेस-अप” और “बेस्ट मेहंदी” प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके निर्णायक रश्मि दाधिच एवं मीनाक्षी जैन रहे। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु देरासरिया, सह मंत्री निधि सेखानी तथा सदस्य पूर्णिमा गादिया की गरिमामय उपस्थिति रही। इसके अलावा स्थानीय परामर्शक, पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकारिणी एवं कार्यसमिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में मंडल की सदस्य बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की सफलता में प्रायोजक विनीता दिलीप सिंघी एवं कनक नाहटा का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के सफल संचालन में संयोजिका पूनम गजरानी, सुनीता सुराणा, शिल्पा मादरेचा तथा सह-संयोजिका प्रमिला दुगड़, अभिलाषा बैद, सारिका बैद और रितु बरडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में मंत्री बिंदु भंसाली ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने सूरत में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button