
सूरत।नवसारी के सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने नवसारी एवं सूरत कलेक्टर को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने मांग की है कि विभिन्न बैंकों में वर्षों से भूली पड़ी जमा राशियों (Unclaimed Deposits) को उनके हकदार परिवारजनों तक पहुँचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए।
कई लोगों ने अतीत में अलग-अलग बैंकों में खाते तो खुलवाए थे, लेकिन नोमिनी विवरण नहीं भरा था। ऐसे मामलों में खाता धारक के निधन के बाद उनके परिवार को राशि प्राप्त करने में अत्यधिक प्रक्रियाओं और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए मंत्री पाटिल ने अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि ऐसे मामलों की पहचान कर परिजनों को राशि लौटाने की प्रक्रिया सरल और तेज बनाई जाए।
मंत्री ने कहा कि इस पहल से उन हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा, जिनके स्वजनों ने बैंकों में पैसा जमा किया था लेकिन नोमिनी न होने के कारण या खाते भूल जाने के चलते वह राशि वर्षों से अनुपयोगी पड़ी है। उन्होंने कलेक्टरों से आग्रह किया है कि नागरिकों को परेशानी न हो, इसलिए त्वरित और सहानुभूतिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




