बिना चालक दौड़ती ‘घोस्ट साइकिल’, एआई और इंजीनियरिंग का अनोखा प्रयोग
गुजरात के इनोवेटर शिवम मौर्य का कमाल, मोबाइल ऐप और AI से खुद चलती है साइकिल

सूरत/गुजरात: गुजरात के युवा इनोवेटर शिवम मौर्य ने अपने साथी गुरप्रीत अरोड़ा के साथ मिलकर एआई और इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण पेश किया है। उन्होंने एक ऐसी ‘घोस्ट साइकिल’ तैयार की है, जो बिना किसी चालक के खुद रास्ता तय कर सकती है।
करीब 3 महीने में तैयार इस साइकिल की लागत लगभग 35 हजार रुपये बताई जा रही है। इसकी खासियत ट्रिपल कंट्रोल सिस्टम है, जिसमें इसे मोबाइल ऐप, रिमोट कंट्रोल या एआई मैपिंग के जरिए ऑटोमेटिक मोड में चलाया जा सकता है। साइकिल में लगा एनिमेटेड पैडलिंग सिस्टम इसे ऐसा रूप देता है मानो कोई अदृश्य शक्ति इसे चला रही हो।
शिवम का कहना है कि इस तकनीक का उपयोग भविष्य में कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी, कैंपस सिक्योरिटी और प्रदूषण मुक्त परिवहन में किया जा सकता है। शिवम मौर्य अपनी “क्रिएटिव साइंस” यूट्यूब चैनल के लिए भी जाने जाते हैं, जहां उनके 20 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। इससे पहले वे ‘गरुड़ा एआई बाइक’ बनाकर भी चर्चा में आ चुके हैं।



