सूरत में 70 फीट ऊँचे रावण का दहन, आतिशबाजी देखने उमड़ा जनसैलाब

सूरत। विजयादशमी का पर्व गुरुवार को शहर में धूमधाम से मनाया गया। आदर्श रामलीला ट्रस्ट द्वारा वेसु वीआईपी रोड स्थित एसएमसी बस डिपो मैदान में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। सूरज ढलते ही लोगों का हुजूम मैदान में उमड़ पड़ा और राम-लक्ष्मण रथ पर सवार होकर पहुंचे। इसके बाद रावण और राम के बीच आधे घंटे तक युद्ध का मंचन किया गया। मंचन के अंत में राम के अग्निबाण लगते ही अहंकारी रावण धू-धू कर जल उठा और आतिशबाजी के बीच असत्य पर सत्य की जीत का पर्व धूमधाम से मनाया गया।

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण 70 फीट ऊँचे रावण का पुतला रहा, जिसे मथुरा से आई टीम ने तैयार किया था। यह टीम पिछले 49 वर्षों से रावण के पुतले बनाती आ रही है। करीब 40 दिन की मेहनत से तैयार किए गए इस विशाल पुतले का दहन होते ही मैदान तालियों और उत्साह के शोर से गूंज उठा। आयोजन के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष रतन गोयल और महामंत्री अनिल अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया और विजयादशमी को असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक पर्व बताया।




