गुजरातसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

तेरापंथ जैन समाज एवं अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा एवं नशा मुक्ति रैली का आयोजन

पूर्व सैनिकों का सम्मान, अहिंसा द्वारा हिंसा पर विजय का संदेश — साध्वी मधु बालाजी

सूरत। अणुव्रत विश्व भारती समिति के निर्देशन में अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत एवं तेरापंथ जैन समाज सूरत के संयुक्त तत्वावधान में आज भारतीय सेना की शानदार विजय की अनुमोदना में भव्य तिरंगा यात्रा एवं अणुव्रत नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। यह यात्रा अणुव्रत द्वार से प्रारंभ होकर तेरापंथ भवन सिटी लाइट पहुंचकर विशाल सभा में परिवर्तित हुई, जहां आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासन श्री साध्वी श्री मधुबाला जी ने सभा को संबोधित किया। इसी अवसर पर तेरापंथ भवन में पूर्व सैनिकों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए साध्वी श्री मधुबाला जी ने कहा कि आज संसार में चारों ओर हिंसा का साम्राज्य फैल रहा है। कई देशों के बीच युद्ध जैसे हालात हैं। हिंसा का प्रभाव भले ही तत्काल दिखे, लेकिन दीर्घकालीन समाधान अहिंसा में ही निहित है। अहिंसा एक ऐसी शक्ति है जिसके माध्यम से हिंसा पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है। साध्वी श्री मंजुलयशा जी ने कहा कि जैन संत अहिंसा के उपासक होते हुए भी देशभक्ति से ओतप्रोत होते हैं। इतिहास में कई ऐसे जैन राजा-महाराजा हुए हैं जिन्होंने अहिंसा का पालन करते हुए देश की रक्षा हेतु युद्ध लड़े हैं। अहिंसा को कायरता नहीं समझा जाना चाहिए।

अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री प्रताप जी दूगड़ ने अपने वक्तव्य में कहा कि आचार्य श्री तुलसी ने 1949 में अणुव्रत आंदोलन की स्थापना समाज और राष्ट्र में नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए की थी। अणुव्रत आंदोलन समस्याओं का दीर्घजीवी समाधान है। उन्होंने कहा कि देश के वर्तमान एवं पूर्व सैनिकों के कारण ही आज हमारा राष्ट्र सुरक्षित और गौरवशाली है, मैं उन्हें नमन करता हूँ।

गुजरात पूर्व सैनिक सोसायटी के संरक्षक श्री मनमोहन शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए कभी-कभी हिंसा आवश्यक हो जाती है। जब दुश्मन आक्रामक होता है, तब उसका उत्तर भी उसी भाषा में देना पड़ता है। भारतीय सेना ने आज तक के हर युद्ध में पराक्रम एवं विजयी प्रदर्शन किया है। अब गुजरात से भी बड़ी संख्या में युवा सेना में जुड़ रहे हैं, जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना ने अपनी ताकत का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया है।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक श्री एन.के. देसाई, एनसीसी कमांडेंट श्री राहुल शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत के अध्यक्ष श्री विमल जी लोढ़ा ने स्वागत भाषण में भारतीय सेना के शौर्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अणुव्रत विश्व भारती के राष्ट्रीय महामंत्री श्री मनोज सिंघवी, श्री राजेश सुराणा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमती पायल चोरडिया एवं सूरत महानगरपालिका की शासक पक्ष नेता श्रीमती शशि त्रिपाठी की उपस्थिति कार्यक्रम को गरिमा प्रदान करती रही।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया, साथ ही युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवा पत्नियों का भी सम्मान करते हुए उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। सम्पूर्ण आयोजन का कुशल संचालन अणुव्रत समिति ग्रेटर सूरत के मंत्री श्री संजय बोथरा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button